बेगूसराय : गढ़पुरा में बुलडोजर चला तो सड़क हुई चौड़ी, 24 घंटे बाद फिर शेड-गेट लगाने की चर्चा; प्रशासन ने दी कार्रवाई की चेतावनी
सांकेतिक तस्वीर
बेगूसराय के गढ़पुरा बाजार में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के कुछ ही घंटों बाद फिर से सड़क पर कब्जा करने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. स्थानीय लोगों ने दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए नियमित निगरानी की मांग की है, वहीं सीओ लवकुश कुमार ने दोबारा कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
बेगूसराय के गढ़पुरा बाजार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई को अभी 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए हैं कि कुछ दुकानदारों द्वारा फिर से सड़क की ओर अपने हाथ-पैर फैलाने और दोबारा कब्जा करने की चर्चाएं तेज हो गई हैं. रविवार और सोमवार को लगातार दो दिनों तक चले सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद बाजार की सड़कें काफी हद तक अतिक्रमणमुक्त और चौड़ी नजर आने लगी थीं.
दुकानों के आगे दशकों से निकाले गए अवैध शेड, पक्के चबूतरे, सीढ़ियों और अन्य अतिक्रमणों को हटाए जाने से आम राहगीरों और वाहन चालकों को भी बड़ी राहत मिली थी. बताया जाता है कि अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों ने प्रशासनिक अधिकारियों से अपना शेड खुद हटाने के लिए कुछ समय की मोहलत मांगी थी. इसी आश्वासन के बाद कुछ स्थानों पर तत्काल कार्रवाई रोक दी गई थी.
लेकिन, तय समय बीतने के बाद भी संबंधित दुकानदारों द्वारा शेड नहीं हटाए जाने से अब बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. वहीं, यह बात भी सामने आ रही है कि प्रशासन द्वारा हटाए गए कुछ शेड और गेट को दुकानदार दोबारा लगाने की फिराक में हैं.
दोबारा कब्जा होने से कमजोर पड़ जाएगी कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाने के बाद एक बार फिर से सड़क और सरकारी जमीन पर कब्जा शुरू हो गया, तो प्रशासन की इस पूरी बड़ी कार्रवाई का मूल उद्देश्य ही कमजोर पड़ जाएगा. जिस सख्ती और मुस्तैदी के साथ प्रशासन ने अभियान चलाकर वर्षों पुराने अतिक्रमण को हटाया था, उसके बाद दोबारा शेड और गेट लगाने की किसी भी कोशिश को प्रशासनिक आदेश और कार्रवाई की खुली अनदेखी के रूप में देखा जा रहा है.
आम नागरिकों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि अतिक्रमण हटाने के बाद अब बाजार में नियमित निगरानी और पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि हटाए गए अतिक्रमण को दोबारा खड़ा न किया जा सके. लोगों का मानना है कि अतिक्रमण हटाना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक जरूरी यह सुनिश्चित करना है कि वहां दोबारा अवैध कब्जा न हो सके.
सीओ ने दी सख्त चेतावनी
इस पूरे मामले को लेकर जब स्थानीय प्रशासन से बात की गई, तो अंचल अधिकारी (CO) लवकुश कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पूरे मामले की पूरी जांच कराई जाएगी. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जांच के दौरान किसी भी दुकानदार द्वारा दोबारा अतिक्रमण करने या शेड लगाने की बात सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए