बेगूसराय: बरौनी के सत्यजीत कात्यायन को नीट परीक्षा में आया 1136वां स्थान, किसान के बेटे ने बढ़ाया मान

सत्यजीत कात्यायन का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
बरौनी के सत्यजीत कात्यायन ने नीट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1136 हासिल कर अपने जिले का नाम रोशन किया है. एक सामान्य किसान परिवार से आने वाले सत्यजीत ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है.
NEET Result: नीट 2026 की परीक्षा के घोषित परिणाम में बरौनी (निपनियां, वार्ड 24) निवासी सत्यजीत कात्यायन ने देश स्तर पर शानदार सफलता हासिल की है. एक सामान्य किसान परिवार से आने वाले सत्यजीत ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1136 और कैटेगरी रैंक 84 प्राप्त कर अपने माता-पिता, गांव सहित पूरे बेगूसराय जिले का नाम रोशन किया है. वह किसान अजीत कुमार सिंह एवं गृहिणी आशा देवी के पुत्र हैं तथा दो बहनों के छोटे भाई हैं.
बिहार बोर्ड से की ग्रामीण स्तर पर पढ़ाई, माता-पिता को दिया श्रेय
सत्यजीत कात्यायन ने अपनी शुरुआती और 12वीं तक की शिक्षा बिहार बोर्ड से ग्रामीण स्तर पर ही रहकर पूरी की है. अपनी इस बड़ी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन को दिया. सत्यजीत ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य एक बेहतरीन चिकित्सक बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों और मानव जाति की सेवा करना है.
खुद पर विश्वास और ईमानदारी से किया प्रयास ही सफलता की कुंजी
परीक्षा की तैयारी कर रहे अन्य छात्र-छात्राओं को संदेश देते हुए सत्यजीत ने कहा कि ईमानदारी से किया गया प्रयास हमेशा सफलता का मुकाम तय करता है और पूरी निष्ठा से की गई मेहनत कभी असफल नहीं होती. उन्होंने छात्रों से खुद पर अटूट विश्वास रखने की अपील की. वहीं, सत्यजीत की इस गौरवमयी सफलता पर भाजपा नेता केशव शांडिल्य एवं पार्षद कुमार गौतम सहित तमाम ग्रामीणों व समाजसेवियों ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










