बेगूसराय: एक साल की उम्र में मां को खोया, अब बाढ़ में पिता की मौत से दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

विज्ञापन

पटनी चौक के समीप पुलिया पर तेज बहाव के बीच बाढ़ का पानी. फोटो - प्रभात खबर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के पटनी चौक के समीप पुलिया पर बाढ़ के तेज पानी में बाइक अनियंत्रित होने से एक युवक संजीत कुमार की डूबकर मौत हो गई, जबकि दूसरे को बचा लिया गया. एक महीने के भीतर इस इलाके में दूसरी ऐसी घटना होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने की मांग की है.

विज्ञापन

बेगूसराय में बाढ़ के पानी की तेज धार ने मंगलवार की सुबह एक हंसते-खेलता परिवार की सारी खुशियां छीन लीं. बछवाड़ा थाना क्षेत्र के बिशनपुर पंचायत स्थित पटनी चौक के समीप पुलिया पर पानी के तेज बहाव के बीच एक बाइक अनियंत्रित होकर सीधे गहरे पानी में जा गिरी.

विज्ञापन

इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार दो चचेरे भाइयों में से एक की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल पानी से बाहर निकालकर सुरक्षित बचा लिया.

पटनी चौक के समीप बाढ़ के पानी में हादसे के बाद जुटे ग्रामीण. फोटो - प्रभात खबर
पटनी चौक के समीप बाढ़ के पानी में हादसे के बाद जुटे ग्रामीण. फोटो - प्रभात खबर

मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर वार्ड संख्या-5, बिशनपुर निवासी नुनु लाल राय के करीब 30 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार के रूप में हुई है. वहीं, ग्रामीणों की त्वरित मदद से बचाए गए दूसरे युवक की पहचान रामभजन राय के 25 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में की गई है.

बहनोई के घर जा रहे थे दोनों चचेरे भाई

घटना के संबंध में बताया गया कि दोनों चचेरे भाई अपनी बाइक से बिशनपुर वार्ड संख्या-13 स्थित अपने बहनोई बिट्टू कुमार उर्फ धर्मेंद्र राय के घर जा रहे थे. इसी दौरान जैसे ही वे पटनी चौक के समीप पहुंचे, वहां पुलिया पर बाढ़ के पानी की तेज धार में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों भाई बाइक समेत गहरे पानी में समा गए.

हादसे के बाद जुटे ग्रामीण. फोटो - प्रभात खबर
हादसे के बाद जुटे ग्रामीण. फोटो - प्रभात खबर

हादसे के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मुकेश कुमार को तो तुरंत पानी से बाहर सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन संजीत कुमार पानी के तेज बहाव में डूब गया. स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने संजीत की तलाश के लिए करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की. काफी प्रयास के बाद आखिरकार संजीत को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी.

महज एक वर्ष की उम्र में उठ गया था मां का साया

मृतक संजीत की कहानी इस हादसे से भी कहीं अधिक दर्दनाक और मर्माहत करने वाली है. परिजनों के अनुसार, जब संजीत महज एक वर्ष का था, तभी उसकी मां की असामयिक मौत हो गई थी. इसके बाद वह भीखमचक पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित अपने ननिहाल में अपने नाना स्वर्गीय राम सुदीन राय के साथ रहकर पला-बढ़ा था.

Image

संजीत अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. करीब पांच वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी और उसके दो बेहद छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब चार वर्ष और दूसरे की उम्र करीब दो वर्ष है. इस एक दर्दनाक हादसे ने अब उन मासूम बच्चों के सिर से उनके पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है. संजीत की मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया. घटनास्थल पर परिजनों की चीख-पुकार और जुटी ग्रामीणों की भीड़ के बीच माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया.

एक महीने में दूसरी मौत से उठे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

स्थानीय लोगों का आक्रोश इस बात को लेकर है कि पटनी चौक पुलिया और उसके आसपास के इलाकों में बाढ़ के दिनों में पानी का बहाव बेहद तेज हो जाता है, लेकिन इसके बावजूद यहां सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं. ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक महीने पहले भी बाढ़ के दौरान इसी इलाके में एक बच्चे की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई थी और अब एक बार फिर एक युवक की जान चली गई है.

बछवाड़ा- घटना स्थल पर जुटे ग्रामीण और पुलिसकर्मी.
बछवाड़ा- घटना स्थल पर जुटे ग्रामीण और पुलिसकर्मी.

ग्रामीणों ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा है कि आखिर प्रशासन को ऐसी कितनी और मौतों का इंतजार है, जिसके बाद इस खतरनाक पुलिया पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पुलिया के आसपास तुरंत सुरक्षा बैरिकेडिंग लगाई जाए, चेतावनी बोर्ड और रोशनी की व्यवस्था की जाए तथा तेज बहाव के दौरान आवागमन को पूरी तरह नियंत्रित किया जाए, ताकि आम लोग अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर न हों.

Also Read : बेगूसराय में ऑफिस जा रही महिला स्टाफ को घेरा, बदसलूकी कर गड्ढे में धकेला, 4 दिन बाद भी आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही बिशनपुर पंचायत के मुखिया उदय कुमार राय, पूर्व मुखिया श्रीराम राय और अशोक राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना की पुलिस भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा सहित आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.

बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि बाइक से पुलिया पार करने के दौरान तेज पानी के बहाव में वाहन के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति की डूबने से मौत हुई है. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई में जुटी है. वहीं, मुखिया उदय कुमार राय ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा दिलाने की पुरजोर मांग की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन