70वीं BPSC में बेगूसराय के युवाओं का शानदार प्रदर्शन: सेनजीत और सूरज बने SDM, अमन राज को मिला रजिस्ट्रार पद
BPSC में चयनित छात्र
70th BPSC Result : बेगूसराय के नावकोठी और पहसारा के तीन युवाओं ने बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है. कुमार सेनजीत और सूरज कुमार का एसडीएम पद पर चयन हुआ है, जबकि अमन राज रजिस्ट्रार बने हैं. उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है.
बेगूसराय से एस. एम. बेग की रिपोर्ट
70th BPSC Result : बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त राज्य सिविल सेवा परीक्षा में नावकोठी प्रखंड के तीन युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. पहसारा गांव के दो युवाओं का चयन क्रमशः एसडीएम और रजिस्ट्रार पद पर हुआ है, जबकि नावकोठी पंचायत के एक युवक ने एसडीएम पद प्राप्त किया है. सफलता की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
पहसारा के कुमार सेनजीत बने एसडीएम
पहसारा निवासी रामबाबू सिंह के पुत्र कुमार सेनजीत ने 117वीं रैंक हासिल कर एसडीएम पद पर चयनित होकर परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने दसवीं की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय बेगूसराय, इंटरमीडिएट बीआरडीएबी कॉलेज बेगूसराय, स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई बीएचयू तथा जेएनयू से पूरी की है. वर्तमान में वे गृह मंत्रालय के अंतर्गत आईबी में कार्यरत हैं. उनके पिता शारीरिक शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं.
अमन राज का रजिस्ट्रार पद पर चयन
पहसारा के ही राजकिशोर प्रसाद सिंह के पुत्र अमन राज ने 531वीं रैंक प्राप्त कर रजिस्ट्रार पद पर सफलता हासिल की है. उन्होंने दसवीं और इंटरमीडिएट की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय सीतामढ़ी से प्राप्त की. इसके बाद नागपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया तथा दिल्ली में रहकर तैयारी की. अमन अपने परिवार में पांच बहनों के इकलौते भाई हैं. उनकी चार बहनें विभिन्न सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं.

सूरज कुमार बने एसडीएम
नावकोठी पंचायत निवासी रामचंद्र चौधरी के पुत्र सूरज कुमार का चयन भी एसडीएम पद पर हुआ है. उन्होंने मैट्रिक की शिक्षा नावकोठी से, इंटरमीडिएट जीडी कॉलेज बेगूसराय से तथा BEEE की डिग्री अन्ना यूनिवर्सिटी, चेन्नई से प्राप्त की है. उन्होंने घर से तैयारी शुरू की और बाद में पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की. उनकी पत्नी और छोटी बहन कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं.
लोगों ने दी बधाई
तीनों युवाओं की इस ऐतिहासिक सफलता पर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष राष्ट्रपति कुमार, डॉ. अरविंद कुमार, मुकेश कुमार, सुधीर कुमार सिंह, रणवीर कुमार सिंह, शिवम वत्स, शिवेश रंजन, चंदन कुमार, घनश्याम सिंह, रामनाथ सिंह उर्फ बुडुल सहित कई गणमान्य लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए