बाइक और टोटो की आमने-सामने की टक्कर में महिला की मौत
बौंसी चंदन डैम मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की जान चली गयी. जमदाहा मोड़ के समीप हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली.
बौंसी. बौंसी चंदन डैम मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की जान चली गयी. जमदाहा मोड़ के समीप हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली. दुर्घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी, जबकि मृतका के बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, रोझा वरण गांव निवासी सुरेश यादव की पत्नी रूना देवी अपने भतीजा के साथ बाइक पर धान लेकर जमदाहा मोड़ की ओर जा रही थीं. इसी दौरान सामने से आ रहे एक टोटो से आमने सामने की टक्कर हो गयी. टोटो की चपेट में आने से बाइक मे ठोकर लग गई और बाइक अनियंत्रित हो गयी, जिसकी वजह से रूना देवी सड़क पर गिर पड़ीं. हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गयी. दुर्घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और परिजनों की मदद से घायल महिला को तत्काल बौंसी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ उत्तम कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही रूना देवी ने दम तोड़ दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा.
पुलिस हिरासत में आरोपी टोटो चालक
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टोटो चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है. मामले की सूचना मिलने पर बंधुआ कुरावा थाना पुलिस सक्रिय हुई. थानाध्यक्ष शैलेश कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम बांका सदर अस्पताल पहुंची, जहां शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.बच्चों की चीख-पुकार से गूंज उठा गांव
रूना देवी की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया. मृतका के पति सुरेश यादव पंजाब में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है और उनके घर लौटने का इंतजार किया जा रहा है. इधर, मां को खोने के बाद पुत्र ताराचंद, आकर्षण और पुत्री सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हैं. परिजनों ने बताया कि पति के घर पहुंचने के बाद ही रूना देवी का अंतिम संस्कार किया जाएगा. यह हादसा एक बार फिर सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर करता है, जिसने एक परिवार से उसकी मां और जीवन का सहारा छीन लिया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










