शंभुगंज में महादलित टोला में सड़क, नाली व शौचालय की समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
फोटो- बनगांव महादलित टोला के कच्ची सड़क
शंभुगंज के महादलित टोला में सड़क, नाली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया. करीब 60 परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग कर रहे हैं.
शंभुगंज (बांका). शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बैदपुर पंचायत के मंझगाय वार्ड संख्या नौ स्थित बनगांव महादलित, मांझी टोला में सड़क, नाली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया. ग्रामीण एकजुट होकर सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन में भाकपा-माले शंभुगंज प्रखंड सचिव कामरेड महादेव दास, कामरेड धनंजय दास, गोरेलाल तांती, सिंटू कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.
आपके शहर में
करीब 60 परिवारों का टोला मूलभूत सुविधाओं से वंचित
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अखिल भारतीय किसान महासभा के राज्य कमेटी सदस्य सह भाकपा-माले नेता कामरेड रणबीर कुशवाहा ने कहा कि महादलित टोले में मांझी, मुसहर समुदाय के करीब 60 परिवार रहते हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक उदासीनता और सरकारी उपेक्षा के कारण टोला आज भी पक्की सड़क, नाली, शौचालय और बुनियादी शिक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं से वंचित है.
कच्ची सड़क पर बहता है घरों का गंदा पानी
टोला निवासी बीरबल कुमार मांझी, गोरेलाल मांझी, बसकी मांझी और दीपक मांझी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से घरों का गंदा पानी कच्ची सड़क पर बहता रहता है.
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में जलजमाव के कारण टोले की स्थिति और खराब हो जाती है. आवागमन में परेशानी होती है और गंदे पानी के जमा रहने से बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है.
पक्की नाली बनाकर पानी निकासी की मांग
ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क के साथ पक्की नाली का निर्माण कराया जाए और पानी को गांव के बाहर सरकारी डांड़ तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए. उनका कहना है कि इससे जलजमाव और गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है.
ग्रामीणों ने बताया कि पूरी बस्ती में मात्र दो-चार शौचालय बने हैं. इसके कारण अधिकांश परिवारों के लोगों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है.
कई बार गुहार के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, नाली और शौचालय निर्माण की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था नहीं कराई गई तो वे प्रखंड मुख्यालय का घेराव कर आंदोलन करेंगे.
कहते हैं अधिकारी
"मामला संज्ञान में आया है. स्थल की जांच कराई जाएगी और संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों व विभागीय कर्मियों के साथ बैठक कर समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे."
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए