धोरैया के सहयोग शिविर में डीएम ने सुनीं समस्याएं, 30 दिनों में समाधान का दिया भरोसा

Updated:
विज्ञापन

फोटो- सहयोग शिविर में मौजूद डीएम | Prabhat Khabar Network

धोरैया प्रखंड के सैनचक में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और 30 दिनों के भीतर समाधान का भरोसा दिलाया. शिविर में सरकारी योजनाओं के लाभुकों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए.

विज्ञापन

धोरैया (बांका). सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के उद्देश्य से मंगलवार को धोरैया प्रखंड के सैनचक पंचायत सरकार भवन परिसर में सहयोग शिविर आयोजित किया गया. जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने स्वयं शिविर में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और निष्पादित मामलों के लाभुकों को अपने हाथों से प्रमाण पत्र सौंपे.

आपके शहर में

विज्ञापन

हर व्यक्ति की समस्या का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता : डीएम

शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का निदान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने नागरिकों को आश्वासन दिया कि किसी भी व्यक्ति की परेशानी को अधिकतम 30 दिनों के अंदर दूर करने का प्रयास किया जाएगा. डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त जो भी आवेदन शेष रह गए हैं, उनका शीघ्र निष्पादन कर सेवा संवाद समाधान पोर्टल पर अपडेट किया जाए.

182 में 80 पंचायतों में बन चुका है पंचायत सरकार भवन

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभुकों तक पहुंचाना है. उन्होंने बताया कि जिले की 182 पंचायतों में से 80 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो चुका है. इन पंचायत सरकार भवनों को पूरी तरह क्रियाशील किए जाने की दिशा में स्थानीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.

पंचायत में हाई मास्क लाइट, स्कूल में खुले जिम का निर्माण होगा

डीएम ने कहा कि पंचायत में हाई मास्क लाइट का निर्माण कराया जाएगा. वहीं उच्च विद्यालय परिसर में खुले जिम का निर्माण भी कराया जाएगा. शिविर में पहुंचे जिलाधिकारी ने यहां लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया. बताया गया कि पंचायत के प्रवेश के मुख्य द्वार का भी निर्माण कराया गया है. जिलाधिकारी ने आवास निर्माण कार्य पूरा करने वाले लाभुकों के बीच प्रतीकात्मक चाबी का वितरण भी किया.

245 स्वयं सहायता समूहों के बीच 5.60 करोड़ रुपये के चेक वितरित

वित्तीय समावेशन के माध्यम से जीविका दीदियों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से 245 स्वयं सहायता समूहों के बीच कुल 5 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि के चेक वितरित किए गए.

जिलाधिकारी ने धोरैया प्रखंड में जीविका की गतिविधियों और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की. उन्होंने जीविका दीदियों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ने तथा बैंक लिंकेज एवं वित्तीय सहायता के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की प्रशंसा की.

प्राकृतिक सुंदरता देखकर प्रसन्न हुए डीएम

जिलाधिकारी ने कहा कि सैनचक पंचायत पहुंचने के दौरान रास्ते में क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता देखकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.

दाखिल-खारिज से पेंशन और राशन कार्ड तक समस्याओं की सुनवाई

राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के निवारण के लिए जिले और प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर देना तथा उनका समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करना है. इन शिविरों में राजस्व और सामान्य प्रशासन से जुड़े दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, जॉब कार्ड और मुख्यमंत्री परिवहन योजना से संबंधित मामलों पर कार्रवाई की जा रही है. इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग से जुड़े मामलों और शिकायतों की भी सुनवाई की जा रही है.

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम से पहले जिलाधिकारी का बुके देकर स्वागत किया गया. मौके पर डीसीएलआर मनीष कुमार, प्रखंड प्रमुख रंजू देवी, बीडीओ अरविंद कुमार, राजस्व अधिकारी काजल कुमारी, सीडीपीओ कुमारी हेमा, बीपीएम शबाना परवीन, मुखिया रेखा देवी सहित अन्य अधिकारी, कर्मी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन