बौसी में काल बना बेकाबू हाईवा, 6 वर्षीय मासूम की मौत, मुआवजे की मांग पर बवाल, पथराव में एसडीपीओ समेत कई घायल
घटनास्थल पर लगी भीड़
Road Accident : प्लास्टिक दाना लदा हाईवा घर के बाहर खेल रहे मासूम पर पलटा, तीन भैंसों की भी मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच जाम कर पुलिस पर किया पथराव
बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट
आपके शहर में
Road Accident : बांका जिले के बौसी-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई. प्लास्टिक दाना से लदा एक तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और घर के बाहर खेल रहे बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया. स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस पर पथराव हुआ, जिसमें एसडीपीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
अनियंत्रित हाईवा घर के पास पलटा, मासूम की मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झारखंड की ओर से बौसी आ रहा प्लास्टिक दाना लदा हाईवा तेज रफ्तार में था. भंडारी चक गांव के समीप ओवरटेक के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हाईवा प्रकाश यादव के घर के पास पलट गया. हादसे में घर के बाहर मौजूद छह वर्षीय हैप्पी कुमार ट्रक के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना में तीन भैंसों की भी मौत हो गई, जबकि एक अन्य भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई.
हाइड्रा और जेसीबी से निकाला गया शव

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में बौसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हाइड्रा और जेसीबी मशीन की मदद से पलटे हाईवा को हटाने का प्रयास किया गया. काफी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे दबे मासूम का शव बाहर निकाला गया. वहीं बोरों के नीचे दबे मृत मवेशियों को निकालने का कार्य देर रात तक जारी रहा.
मुआवजे की मांग पर एनएच जाम, पुलिस पर पथराव
मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की. पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति अचानक बिगड़ गई. उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव और धक्का-मुक्की शुरू कर दी.
एसडीपीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल
Road Accident : पथराव में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार, बंधुआ कुरावा थाना के एएसआई दिलीप यादव, होमगार्ड जवान सुजीत कुमार गुप्ता, बौसी पुलिस के रोहित कुमार तथा वाहन चालक बबलू कुमार घायल हो गए. बबलू कुमार की बाइक भी दुर्घटना में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. सभी घायलों का बौसी रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया.
इलाके में तनाव, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को दोबारा पलट दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, जबकि मासूम की मौत से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.
ALSO READ: अल्ट्रासाउंड सेवा रही बंद, ऑनकॉल ड्यूटी पर रहेंगी महिला चिकित्सक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए