देवघर में छिपे थे कातिल पति-पत्नी! बांका पुलिस ने ऐसे सुलझाई जेरूआ के कुएं में मिली लाश की गुत्थी; जानें खौफनाक साजिश

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बांका के जेरूआ गांव में दशरथ गोस्वामी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. कथित अवैध संबंध के चलते रची गई इस खौफनाक साजिश में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को कुएं में फेंका गया था.

विज्ञापन

बांका, कटोरिया. सुईया थाना क्षेत्र के जेरूआ गांव निवासी दशरथ गोस्वामी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस के अनुसार हत्या की वजह मृतक का एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध था.

विज्ञापन

पत्नी से कथित संबंध को लेकर रची गयी हत्या की साजिश

गुरुवार को कटोरिया थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ सुमित शेखर ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि दशरथ गोस्वामी का आरोपित प्रेम गोस्वामी की पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध था. पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर प्रेम गोस्वामी आक्रोशित था और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दशरथ की हत्या की साजिश रची. पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने पहले दशरथ का गला घोंटकर उसकी हत्या की. इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव के पेट में चीरा लगाया गया और शरीर में पत्थर बांधकर गांव के ही एक कुएं में फेंक दिया गया.

देवघर से पति-पत्नी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई की. वहां से प्रेम गोस्वामी उर्फ पिंकू गोस्वामी और उसकी पत्नी हेमंती देवी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान प्रेम गोस्वामी की निशानदेही पर प्रमोद गोस्वामी को भी गिरफ्तार किया गया. वहीं हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे संदीप गोस्वामी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

24 अगस्त को मिली थी दशरथ के लापता होने की सूचना

विदित हो कि सुईया थाना पुलिस को 24 अगस्त को जेरूआ गांव निवासी छोटन गोस्वामी के पुत्र दशरथ गोस्वामी के लापता होने की सूचना मिली थी. मामले को लेकर सुईया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. जांच के दौरान वादी के घर के समीप स्थित कुएं से 27 अगस्त को दशरथ गोस्वामी का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया था. शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका को लेकर जांच तेज कर दी थी.

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों से जोड़ी हत्याकांड की कड़ियां

एसपी अमितेश कुमार के निर्देशन में एसडीपीओ सुमित शेखर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार अनुसंधान के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया.

पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. फरार आरोपित संदीप गोस्वामी की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.

कार्रवाई में पुलिस टीम के अधिकारी और जवान शामिल

हत्याकांड के उद्भेदन में कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, सअनि चंदन कुमार, जिला तकनीकी शाखा के सअनि बच्चन कुमार राम, सिपाही प्रभात कुमार, चालक हवलदार धर्मेंद्र कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.

Also Read: बिहार कांग्रेस के 32 नेताओं के खिलाफ एक्शन, पार्टी से शो कॉज नोटिस जारी, जानिए मामला

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन