बांका के शंभुगंज में बर्ड फ्लू की दहशत! बदुआ नदी किनारे एक साथ मृत मिले दर्जनों कौवे और बगुले, ग्रामीणों ने मिट्टी में दबाया
मरें हुए पक्षी Prabhat Khabar Network
बांका के शंभुगंज प्रखंड में कौवों और बगुले जैसे पक्षियों के मृत पाए जाने से ग्रामीणों में बर्ड फ्लू की आशंका से दहशत फैल गई है. सहदेवपुर बहियार में कई मृत पक्षियों के मिलने की सूचना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. ग्रामीणों ने संक्रमण फैलने के डर से पक्षियों को मिट्टी से ढक दिया है.
बांका, शंभुगंज. प्रखंड क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कौवों समेत अन्य पक्षियों के मृत मिलने से ग्रामीणों में बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर दहशत फैल गयी है. रायपुरा गांव में बदुआ नदी के समीप सहदेवपुर बहियार में ग्रामीणों ने कई मृत कौवे और बगुले देखे. एक साथ कई पक्षियों के मृत मिलने की सूचना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चा होने लगी है.
सहदेवपुर बहियार में मिले कई मृत पक्षी
ग्रामीण राजाराम सिंह, बिट्टू भारती, पियुष कुमार, गणेश मंडल समेत अन्य लोगों ने बताया कि मृत पक्षियों के मिलने की सूचना प्रखंड पशु अस्पताल को दी गयी है. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने मृत पक्षियों को मिट्टी से ढक दिया.
दो दिन पहले धरमपुर में भी मिला था मृत कौवा
ग्रामीणों के अनुसार दो दिन पूर्व धरमपुर गांव में भी एक कौवे के मरने की सूचना मिली थी. लगातार अलग-अलग स्थानों पर पक्षियों के मृत मिलने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है. लोगों को आशंका है कि कहीं इसके पीछे किसी संक्रामक बीमारी का कारण तो नहीं है.
बर्ड फ्लू की पुष्टि जांच के बाद ही संभव
इस संबंध में प्रखंड पशु चिकित्सक डॉ. रवि कुमार ने बताया कि पक्षियों की मौत कई कारणों से हो सकती है. सड़ा-गला मांस-मछली खाने अथवा किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से भी पक्षियों की मौत संभव है. उन्होंने कहा कि मृत पक्षियों के नमूने की प्रयोगशाला में जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा.
जांच रिपोर्ट का इंतजार, ग्रामीणों में बनी चिंता
फिलहाल मृत पक्षियों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है. ऐसे में बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है. ग्रामीणों ने मृत पक्षियों की जांच कराने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि यदि किसी संक्रमण की पुष्टि होती है तो समय रहते उसके प्रसार को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने मुंगेर से दबाया बटन, सीधे 1.05 करोड़ लोगों के अकाउंट में आए 1100 रुपये, ऐसे चेक करें अपना बैलेंस
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए