जयकारों से गूंजा बड़ी खौजरी गांव, प्रतिमा स्थापना को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा

Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 01 Mar 2026 6:50 PM

विज्ञापन

शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के बड़ी खौजरी गांव में बजरंगबली की प्रतिमा स्थापना को लेकर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी.

विज्ञापन

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के बड़ी खौजरी गांव में बजरंगबली की प्रतिमा स्थापना को लेकर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. धार्मिक उत्साह और आस्था से सराबोर इस शोभायात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुषों ने भाग लिया. डीजे की धुन पर झूमते-नाचते श्रद्धालु हरिवंशपुर तिलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे, जहां से विधि-विधान के साथ जल भरकर यात्रा की शुरुआत हुई. दुर्गा मंदिर परिसर स्थित पवित्र चंद्रकूप से 251 महिलाओं एवं कन्याओं ने कलश में जल भरकर उसे माथे पर धारण किया. श्रद्धालु हर-हर महादेव, जय श्री राम और जय हनुमान के गगनभेदी जयकारों के बीच बड़ी खौजरी की ओर प्रस्थान किए. पूरे मार्ग में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला. शोभायात्रा हरिवंशपुर, तिलडीहा, सहरोय गोयड़ा, अंबा गोयड़ा एवं बालाचक गांव होते हुए बड़ी खौजरी पहुंची. रास्ते भर ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया. कलश शोभायात्रा में शामिल बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सीता-राम और हनुमान की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही. झांकियों को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोग मोबाइल में तस्वीरें कैद करते नजर आये. बड़ी खौजरी पहुंचने पर पंडित राजेश झा एवं आचार्य अमित झा, मुन्नी झा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना के साथ-साथ बजरंगबली की प्रतिमा स्थापित की गयी. मंत्रों की ध्वनि और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. आयोजन समिति के अमित झा, मुन्नी झा, विवेक झा, कंतलाल उर्फ कारु मंडल, पंकज मंडल, रौशन झा, शत्रुघ्न राम सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि प्रतिमा स्थापना के उपरांत 24 घंटे का अखंड रामधुन आयोजित किया जायेगा. इसके लिए व्यापक तैयारी की गयी है और गांव के सभी लोग आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं. पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक सतर्कता भी देखी गयी. शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई इस कलश यात्रा ने बड़ी खौजरी सहित आसपास के गांवों में धार्मिक उत्साह का नया संचार कर दिया. ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में एकता, भाइचारा और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन