धोरैया में जमीन पर सो रहे पिता-पुत्र को सांप ने डसा, इलाज के दौरान पिता की मौत, सुबह बेटे को जगाया तो उड़ गए होश

Author Pradeep Kumar|Edited by Amit Kr Sinha
Updated:
विज्ञापन

गमगीन परिजन. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

धोरैया के इस्लामपुर गांव में सर्पदंश की हृदयविदारक घटना में 25 वर्षीय सरफराज अंसारी और उसके दो वर्षीय बेटे सुफियान की मौत हो गई. दोनों रात में जमीन पर सो रहे थे, तभी विषैले सर्प ने उन्हें डस लिया, जिससे परिवार में मातम पसर गया.

विज्ञापन

धोरैया थाना क्षेत्र की चलना पंचायत के इस्लामपुर गांव में सर्पदंश की घटना में पिता-पुत्र की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान 25 वर्षीय सरफराज अंसारी और उसके दो वर्षीय पुत्र सुफियान के रूप में हुई है. दोनों गुरुवार की रात घर में जमीन पर सो रहे थे, इसी दौरान विषैले सर्प ने दोनों को डस लिया. घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

विज्ञापन

रात में पिता को अस्पताल ले गये परिजन

जानकारी के अनुसार, सरफराज अंसारी अपने दो वर्षीय बेटे सुफियान के साथ घर में जमीन पर सोया हुआ था. गुरुवार की देर रात विषैले सर्प ने दोनों को डस लिया. सरफराज को सर्पदंश की जानकारी होने पर परिजन रात में ही उसे धोरैया अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बांका रेफर कर दिया. बांका में इलाज के दौरान सरफराज की मौत हो गयी.

बेटे को भी सांप ने डसा था, किसी को नहीं चला पता

इधर, सुफियान भी उसी कमरे में सोया हुआ था. उसके सांप के डसने की जानकारी उस समय परिजनों को नहीं हो सकी. घटना के बाद परिजनों ने देर रात ही सांप को मार दिया था, लेकिन उन्हें यह पता नहीं था कि सांप ने मासूम को भी डसा है.

सुबह जगाने गये तो नहीं उठा मासूम

शुक्रवार की सुबह परिजनों ने सुफियान को जगाने का प्रयास किया. काफी कोशिश के बाद भी जब वह नहीं जागा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. जांच करने पर पता चला कि सर्पदंश के कारण उसकी भी मौत हो चुकी थी. पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया.

ससुराल में रहकर परिवार चला रहा था सरफराज

ग्रामीणों के अनुसार, सरफराज अंसारी का पैतृक घर बाराहाट थाना क्षेत्र के चिलमिल गांव में था. वह शादी के बाद अपने ससुराल इस्लामपुर में ही रह रहा था. पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पत्नी आईसा लगातार रो रही है और परिवार में सदमे का माहौल बना हुआ है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन