बिना पोल-तार के ही थमा दिया 2935 का बिजली बिल

Updated at : 29 Mar 2026 11:45 PM (IST)
विज्ञापन
बिना पोल-तार के ही थमा दिया 2935 का बिजली बिल

सरकार जहां एक ओर किसानों की आय बढ़ाने और खेत-खेत तक बिजली पहुंचाने के लिए कृषि योजनाओं का दावा कर रही है.

विज्ञापन

पंजवारा. सरकार जहां एक ओर किसानों की आय बढ़ाने और खेत-खेत तक बिजली पहुंचाने के लिए कृषि योजनाओं का दावा कर रही है, वहीं पंजवारा में बिजली विभाग की लापरवाही ने इन दावों की पोल खोल दी है. यहां एक किसान को बिना बिजली कनेक्शन दिये ही 2935 रुपये का बिल थमा दिया गया है.

डेढ़ साल से कागजों में दौड़ रही बिजली

पंजवारा पंचायत निवासी किसान उत्तम कुमार मिश्रा ने 20 मई 2024 को सिंचाई के लिए कृषि बिजली कनेक्शन हेतु आवेदन किया था. किसान को उम्मीद थी कि खेत तक पोल गाड़कर तार खींचा जायेगा और मोटर चलाने के लिए बिजली मिलेगी, लेकिन आवेदन के करीब डेढ़ साल बाद भी जमीन पर कोई काम शुरू नहीं हुआ.

बिना पोल-तार के भेज दिया बिल

हैरानी तब हुई जब विभाग की ओर से किसान को 2935 रुपये का बिजली बिल थमा दिया गया. जबकि हकीकत यह है कि खेत में आज तक न तो बिजली का पोल लगाया गया है और न ही तार खींचा गया है. यहां तक कि मीटर भी नहीं लगाया गया है, फिर भी कागजों में कनेक्शन चालू दिखाया जा रहा है.

पीड़ित किसान ने कहा कि जब खेत में बिजली की सुविधा ही उपलब्ध नहीं करायी गयी, तो बिल किस आधार पर भेजा गया. उन्होंने इसे विभाग की लापरवाही बताते हुए कहा कि वे इसको लेकर लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है.

विभागीय कार्यशैली पर उठे सवाल

इस मामले के सामने आने के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गये हैं. बिना भौतिक सत्यापन के कनेक्शन को सक्रिय कैसे दिखा दिया गया, यह जांच का विषय है. साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं लक्ष्य पूरा दिखाने के लिए कागजों में ही काम निपटा दिया गया हो.

क्या कहते हैं अधिकारी

पूरे मामले पर बाराहाट जेई रविशंकर शर्मा का कहना है कि उनको पूरे मामले की जानकारी नहीं है. संबंधित व्यक्ति द्वारा आवेदन दिये जाने पर मामले की जांच की जायेगी.

विज्ञापन
MD. TAZIM

लेखक के बारे में

By MD. TAZIM

MD. TAZIM is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन