फेसबुक लाइव में डीपीओ ने कहा- नौकरी ही नहीं, करियर और स्वरोजगार का भी केंद्र बना बांका जिला नियोजन कार्यालय

Updated:
विज्ञापन

Banka News : अगर आप नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, करियर को लेकर असमंजस में हैं या स्वरोजगार शुरू करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए है. बांका जिला नियोजन कार्यालय युवाओं को न सिर्फ करियर गाइडेंस दे रहा है, बल्कि मुफ्त स्टडी किट, डिजिटल लाइब्रेरी, मॉक टेस्ट और स्वरोजगार किट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है.

विज्ञापन

बांका से विभांशु की रिपोर्ट

Banka News : बांका की जिला नियोजन पदाधिकारी मीनाक्षी राय ने फेसबुक लाइव के माध्यम से विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि जिला नियोजन कार्यालय रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ युवाओं के करियर निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम चला रहा है, जिनका लाभ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उठा रहे हैं.

करियर की उलझन दूर कर रहा मॉडल करियर सेंटर

तेलिया स्थित जिला नियोजन कार्यालय में संचालित मॉडल करियर सेंटर (एमसीसी) युवाओं के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहा है. 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को यहां करियर चयन, उच्च शिक्षा और रोजगार संबंधी सलाह दी जाती है. अक्सर विद्यार्थी भविष्य को लेकर असमंजस में रहते हैं, ऐसे में यह केंद्र उन्हें सही दिशा और बेहतर विकल्प उपलब्ध कराता है.

प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए डिजिटल सुविधाओं का लाभ

जिला नियोजन कार्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आईटी लाइब्रेरी और डिजिटल क्लास की सुविधा उपलब्ध है. यहां आधुनिक संसाधनों के माध्यम से अभ्यर्थी अपनी तैयारी को और मजबूत बना सकते हैं. विभाग का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना है.

वाई-फाई युक्त लाइब्रेरी में उपलब्ध हैं सैकड़ों पुस्तकें

कार्यालय में संचालित करियर इंफॉर्मेशन सेंटर (सीआईसी) पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस है. यहां यूपीएससी, बीपीएससी, रेलवे, बैंकिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकें उपलब्ध हैं. इसके साथ ही वाई-फाई, समाचार पत्र और विभिन्न प्रतियोगी पत्रिकाओं की भी सुविधा दी गई है ताकि अभ्यर्थियों को व्यापक अध्ययन सामग्री मिल सके.

मॉक टेस्ट और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

छात्रों की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से मॉक टेस्ट और ग्रुप डिस्कशन आयोजित किए जाते हैं. साथ ही बीपीएससी रैंक प्राप्त अधिकारी समय-समय पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हैं. वर्तमान में 72वीं बीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे कई अभ्यर्थी इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं.

मुफ्त स्टडी किट से मिल रही तैयारी को मजबूती

विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत पंजीकृत अभ्यर्थियों को बीपीएससी, यूपीएससी, रेलवे और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में निःशुल्क स्टडी किट उपलब्ध कराई जाती है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को विशेष सहायता मिल रही है.

स्वरोजगार के लिए भी मिल रहा सहयोग

जिला नियोजन कार्यालय केवल नौकरी तक सीमित नहीं है. जो युवा अपना व्यवसाय या स्वरोजगार शुरू करना चाहते हैं, उन्हें इलेक्ट्रीशियन, डीजल मैकेनिक और सिलाई मशीन जैसी गतिविधियों के लिए निःशुल्क स्वरोजगार किट उपलब्ध कराई जा रही है. इससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है.

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप और सीएम प्रतीक्षा योजना की जानकारी

फेसबुक लाइव के दौरान प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और मुख्यमंत्री प्रतीक्षा योजना की भी जानकारी दी गई. इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को कार्य अनुभव, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं, जिससे उनका पेशेवर विकास संभव हो पाता है.

युवाओं से की गई विशेष अपील

जिला नियोजन पदाधिकारी मीनाक्षी राय ने युवाओं से अपील की कि वे जिला नियोजन कार्यालय पहुंचकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करें और उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और संसाधनों के माध्यम से युवा अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन