औरंगाबाद: दाउदनगर नगर परिषद में ईओ विमल कुमार को श्रद्धांजलि, जनप्रतिनिधियों ने सुरक्षा और मुआवजे की उठाई मांग
शोक सभा में शामिल प्रतिनिधि एवं कर्मी
डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की स्मृति में आयोजित शोकसभा में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. इस दौरान उनकी हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया गया और परिवार के लिए मुआवजे व कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई.
Vimal Kumar Murder Tribute: नगर परिषद सभागार में मंगलवार को डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की स्मृति में शोकसभा आयोजित की गई. वार्ड पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों एवं नगर परिषद कर्मियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में किया याद
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सत्येंद्र कुमार ने कहा कि विमल कुमार दाउदनगर नगर परिषद में भी कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे. उन्होंने कहा कि वे मिलनसार, व्यवहारिक और अपने कार्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित अधिकारी थे. उन्होंने औरंगाबाद नगर परिषद में भी अपनी सेवाएं दी थीं और वर्तमान में डेहरी डालमियानगर नगर परिषद में पदस्थापित थे.
हत्या की घटना पर जताया गहरा शोक
शोकसभा में बताया गया कि शनिवार देर रात पटना जाने के दौरान बारुण थाना क्षेत्र के पटना कैनाल नहर मार्ग पर उनकी हत्या कर दी गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर परिषद कर्मियों और जनप्रतिनिधियों में शोक की लहर दौड़ गई.
सुरक्षा और मुआवजे की उठी मांग
शोकसभा में उपस्थित वार्ड पार्षदों और कर्मियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार एवं प्रशासन से दिवंगत अधिकारी के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा नगर निकायों में कार्यरत सभी कार्यपालक पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कर्मी रहे मौजूद
शोकसभा में वार्ड पार्षद एहसान अहमद, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सियाराम सिंह, सत्येंद्र कुमार, नगर परिषद कर्मी अनवर अहीन, कमल प्रसाद, आकाश कुमार, मो. फैजान अहमद, सनी कुमार, अर्जुन प्रसाद, दीपक प्रसाद, संजय राय सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










