औरंगाबाद: पीएम सूर्य घर योजना को लेकर पार्षदों के साथ बैठक, वार्डों में प्रचार-प्रसार पर जोर

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम में उपस्थित उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह एवं अन्य, उपस्थित वार्ड पार्षद | Prabhat Khabar Network

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगाने पर सरकार दे रही भारी सब्सिडी. जानिए आवेदन प्रक्रिया और सोलर मेले की पूरी जानकारी यहाँ.

विज्ञापन

Aurangabad News: दाउदनगर नगर पर्षद सभागार में वार्ड पार्षदों के साथ बैठक आयोजित कर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी गयी. बैठक में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने पार्षदों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और लोगों को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करने की अपील की. डीडीसी ने कहा कि योजना का उद्देश्य लोगों को घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा बिजली के खर्च को कम करना है. योजना के तहत सरकार की ओर से अनुदान दिया जाता है, जिससे सोलर प्लांट लगाने की लागत कम हो जाती है.

वार्डों में योजना की जानकारी पहुंचाएं

उन्होंने पार्षदों से कहा कि वे अपने-अपने वार्ड में लोगों को योजना की जानकारी दें और अधिक से अधिक परिवारों को इसका लाभ दिलाने में सहयोग करें. बैठक के दौरान बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मो मुख्तार आलम ने योजना के तहत मिलने वाले अनुदान और सोलर प्लांट की लागत की जानकारी दी.

तीन किलोवाट तक अनुदान का प्रावधान

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि एक किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाने में करीब 70 हजार रुपये खर्च आता है, जिस पर सरकार की ओर से करीब 30 हजार रुपये अनुदान दिया जाता है. इसी तरह दो किलोवाट के प्लांट पर करीब 1.40 लाख रुपये खर्च और 60 हजार रुपये तक सब्सिडी तथा तीन किलोवाट के प्लांट पर करीब 2.10 लाख रुपये खर्च और 78 हजार रुपये तक अनुदान का प्रावधान बताया गया. उन्होंने कहा कि सोलर पैनल की वारंटी 25 वर्षों तक होती है. सोलर प्लांट से उत्पादित बिजली का उपयोग करने से उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में काफी कमी आ सकती है.

ग्रामीण गरीबों के लिए योजना जारी

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों के लिए कुटीर ज्योति योजना भी संचालित है. गांवों में अब तक बड़ी संख्या में एक किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं. बैठक में सरकारी भवनों पर भी ब्रेडा के माध्यम से सोलर पैनल लगाए जाने की जानकारी दी गयी.

छह अगस्त को लगेगा सोलर मेला

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि योजना को लेकर छह अगस्त को औरंगाबाद टाउन हॉल में सोलर मेला आयोजित किया जाएगा. इसमें लोगों को सोलर प्लांट, अनुदान और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी. उन्होंने पार्षदों से अधिक से अधिक लोगों को सोलर मेले में पहुंचाने की अपील की.

बिजली समस्याओं पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में बिजली से जुड़ी समस्याओं को रखा. कनीय विद्युत अभियंता मनोज कुमार सिंह ने समस्याओं को नोट करते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया. अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई. मौके पर एसडीओ अमित राजन, मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी, बीडीओ जफर इमाम, नप स्टैंडिंग कमिटी सदस्य डॉ. केदारनाथ सिंह, जयगोविंद प्रसाद, परवीण कौशर, वार्ड पार्षद बसंत कुमार, राधारमण पुरी, सीमन कुमारी, जगिया देवी, गुंजा देवी, सोनी देवी, संगीता देवी, एहसान अहमद, सोहैल अंसारी, राजू राम, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि रामकरण पासवान, सत्येंद्र कुमार, जहांगीर कुरैशी, सियाराम सिंह, बबलू कुमार, निर्मल यादव, सिद्धनाथ कांस्यकार, अनवर फहीम, दीपक कुमार आदि उपस्थित थे. डीडीसी कुमारी अनुपम सिंह ने अपने पूर्व के दाउदनगर एसडीओ कार्यकाल की चर्चा करते हुए क्षेत्र में पतंग महोत्सव और सावन महोत्सव जैसे आयोजनों को भी याद किया.


विज्ञापन
Om Prakash

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन