औरंगाबाद में 69,546 नए राशन कार्ड आवेदन, 99% की डेटा एंट्री पूरी; 30,121 का ई-केवाईसी अब भी लंबित
बैठक में शामिल पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद जिले में नए राशन कार्ड आवेदनों की समीक्षा हुई, जिसमें 69546 में से 52446 आवेदनों को पात्र पाया गया है. अब तक 16338 राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं, और बाकी आवेदनों पर तेजी से काम चल रहा है.
औरंगाबाद : खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर 14 सितंबर को मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की, जिसमें विशेष अभियान के तहत नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त आवेदनों के सत्यापन, डेटा एंट्री, ई-केवाईसी और राशन कार्ड निर्गमन की स्थिति की समीक्षा की गई.
राशन कार्ड आवेदनों के सत्यापन और डेटा एंट्री की स्थिति
बैठक के दौरान जन वितरण प्रणाली दुकानों की रिक्तियों, प्राप्त आवेदनों एवं लाइसेंस निर्गमन के साथ-साथ पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन की प्रगति की भी जानकारी ली गई. मुख्य सचिव ने राशन कार्ड से जुड़े आवेदनों का सत्यापन और डेटा एंट्री निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया तथा पात्र लाभुकों का ई-केवाईसी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराते हुए जल्द राशन कार्ड जारी करने को कहा.
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार औरंगाबाद जिले में विशेष अभियान के तहत कुल 69546 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं और सत्यापन के बाद इनमें 52446 आवेदनों को पात्र पाया गया है. 14 सितंबर तक 51872 आवेदनों की डेटा एंट्री पूरी हो चुकी थी, जो पात्र आवेदनों का करीब 99 प्रतिशत है.
इनमें से 51410 आवेदन ई-केवाईसी के लिए सक्षम किए गए हैं, जबकि अब तक 21289 आवेदनों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है और 30121 आवेदन ई-केवाईसी के लिए लंबित हैं तथा जिले में अब तक 16338 राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं.
पीडीएस दुकानों की रिक्ति और डी-पीएनजी कनेक्शन की प्रगति
जन वितरण प्रणाली दुकानों की समीक्षा में औरंगाबाद जिले में रिक्ति शून्य पाई गई है और किसी रिक्ति के विरुद्ध आवेदन अथवा लाइसेंस निर्गमन का मामला लंबित नहीं है. पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन की समीक्षा में बताया गया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा मार्च 2026 तक औरंगाबाद जिले के लिए 2735 कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था.
Also Read : रफीगंज में तीज स्नान के दौरान धावा नदी में डूबने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
जिसके विरुद्ध 2497 डी-पीएनजी कनेक्शन संचालित हैं जो लक्ष्य का करीब 91 प्रतिशत है. समीक्षा के समय 272 आवेदन लंबित पाए गए और अतिरिक्त डी-पीएनजी कनेक्शन में तेजी लाने के लिए नया संविदा प्रदान किया जा चुका है तथा मानवबल की तैनाती की प्रक्रिया चल रही है.
मुख्य सचिव और जिलाधिकारी के निर्देश
मुख्य सचिव ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन और कनेक्शन की प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया. वहीं, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने संबंधित पदाधिकारियों को राशन कार्ड के लंबित आवेदनों का समय पर निष्पादन, डेटा एंट्री और ई-केवाईसी में तेजी लाने का निर्देश देते हुए पात्र लाभुकों को शीघ्र राशन कार्ड उपलब्ध कराने तथा डी-पीएनजी के लंबित आवेदनों का भी जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
Also Read : औरंगाबाद में गणेश उत्सव का आगाज, 24 सितंबर तक होगी महाआरती; 25 को हाथी-घोड़े संग निकलेगी भव्य शोभायात्रा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उपस्थित अधिकारी
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तिखार अहमद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए