रफीगंज में तीज स्नान के दौरान धावा नदी में डूबने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
अस्पताल में लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद के रफीगंज प्रखंड में तीज पर्व के दौरान धावा नदी में स्नान करते समय एक महिला की डूबने से दुखद मौत हो गई. इस घटना ने पूरे गांव में मातम का माहौल बना दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Aurangabad News : तीज पर्व के अवसर पर नदी में स्नान करने गई एक महिला की डूबने से मौत हो गई, जिसकी यह घटना सोमवार की संध्या औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड के मई खुर्द गांव के समीप धावा नदी में हुई और मृतका की पहचान मई खुर्द गांव निवासी लालमोहन यादव की 30 वर्षीय पत्नी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है.
धावा नदी में स्नान के दौरान पैर फिसलने से हादसा
घटना के संबंध में परिजन राजकुमार यादव ने बताया कि सोमवार की शाम प्रतिमा कुमारी गांव की अन्य महिलाओं के साथ तीज पर्व को लेकर धावा नदी में स्नान करने गई थीं.
इसी दौरान नदी में स्नान करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई. साथ में मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने नदी में खोजबीन शुरू की और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद प्रतिमा कुमारी को नदी से बाहर निकाला गया.
अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित और मचा कोहराम
परिजन उन्हें जीवित समझकर तत्काल रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. लालजी यादव ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल परिसर में परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया.
बताया जाता है कि मृतका के पति लालमोहन यादव दूसरे राज्य में रहकर ड्राइवर का काम करते हैं तथा प्रतिमा कुमारी अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं, जिससे मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलने पर रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है और पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
अंचलाधिकारी का बयान और सहायता राशि का आश्वासन
वहीं, अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों से आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है. नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी. इस हृदयविदारक घटना के बाद मई खुर्द गांव में शोक का माहौल व्याप्त है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए