राजीव कुमार बबलू की रालोमो में वापसी, राजद छोड़ फिर थामा उपेंद्र कुशवाहा का साथ

Updated:
विज्ञापन

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के हाथों रालोमो की सदस्यता लेते राजीव कुमार बबलू

Aurangabad News: दाउदनगर के राजीव कुमार बबलू ने राष्ट्रीय जनता दल छोड़कर एक बार फिर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) की सदस्यता ग्रहण कर ली है. इससे औरंगाबाद जिले में पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

विज्ञापन

Aurangabad News (मनीष राज सिंघम): पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को औरंगाबाद जिले में नई पहचान दिलाने वाले दाउदनगर निवासी राजीव कुमार बबलू ने एक बार फिर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) का दामन थाम लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के हाथों रालोमो की सदस्यता ग्रहण की.

आपके शहर में

विज्ञापन

वर्ष 1997 से ही उपेंद्र कुशवाहा के साथ सक्रिय

राजीव कुमार बबलू के पुनः पार्टी में शामिल होने से कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है. पार्टी नेताओं और समर्थकों का मानना है कि उनके लौटने से औरंगाबाद जिले में रालोमो को नई मजबूती मिलेगी और उपेंद्र कुशवाहा की नीतियां जन-जन तक पहुंचेगी. ज्ञात हो कि राजीव कुमार बबलू पूर्व में भी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं. वे वर्ष 1997 से ही उपेंद्र कुशवाहा के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं.

स्थानीय राजनीति में मजबूत पकड़

वर्ष 2015 में उन्होंने ओबरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. इसके अलावा वे अपने क्षेत्र से जिला पार्षद सदस्य भी रह चुके हैं और स्थानीय राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. बताया जाता है कि वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव के दौरान उपेंद्र कुशवाहा से कुछ राजनीतिक नाराजगी के कारण वे सक्रिय राजनीति से कुछ समय के लिए दूर हो गए थे. बाद में वर्ष 2024 में जब उपेंद्र कुशवाहा राज्यसभा पहुंचे, तब राजीव कुमार बबलू ने तेजस्वी यादव की मौजूदगी में राजद की सदस्यता ग्रहण की थी.

उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में काम करने का निर्णय

हालांकि अब उन्होंने पुनः रालोमो में वापसी कर उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में काम करने का निर्णय लिया है. राजीव कुमार बबलू ने कहा कि पार्टी द्वारा जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पार्टी से जो कार्यकर्ता अलग हो गए हैं, उन्हें फिर से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा ताकि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके.

युवाओं में अच्छी पकड़, संगठन को मिलेगा लाभ

राजीव कुमार बबलू की युवाओं के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है. वे लगातार युवाओं के साथ जुड़कर सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं. उनका मानना है कि युवा पीढ़ी ही समाज और राजनीति में सकारात्मक बदलाव ला सकती है. यही कारण है कि वे राजनीति में युवाओं की भागीदारी को जरूरी बताते हैं.

रालोमो में उनकी वापसी पर कनाप गांव निवासी युवा नेता विकास कुशवाहा ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है. उन्होंने कहा कि राजीव कुमार बबलू पार्टी के मजबूत स्तंभों में से एक हैं. कुछ राजनीतिक परिस्थितियों के कारण वे कुछ समय के लिए अलग हो गए थे, लेकिन अब उनकी वापसी से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी. साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी नेतृत्व उन्हें जल्द ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपेगा.

Also Read: बटाने पुल की जर्जर हालत पर बड़ा फैसला, भारी वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन