नकली पनीर की शिकायत पर दाउदनगर में छापेमारी, होटल में मिली खराब मिठाई; मौके पर नष्ट कराई
दुकान में छापेमारी करती टीम | Prabhat Khabar Network
दाउदनगर में नकली पनीर और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. एक होटल से खराब मिठाई मिली जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. विभाग ने कई प्रतिष्ठानों से नमूने भी लिए हैं.
Daudnagar Food Safety Raid : शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औरंगाबाद जिले के दाउदनगर शहर स्थित विभिन्न मिष्ठान भंडारों और होटलों में सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गयी तथा संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लिये गये.
आपके शहर में
खराब मिठाई को मौके पर कराया नष्ट
विभाग की टीम ने लिये गये सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी अजय कुमार के निर्देश पर की गयी. अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी आभा रानी के नेतृत्व में टीम ने दाउदनगर शहर के कई प्रमुख बाजारों में स्थित होटल और मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण किया.
टीम ने प्रतिष्ठानों में तैयार की जा रही मिठाई, पनीर समेत अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किये. खाद्य सुरक्षा अधिकारी आभा रानी ने बताया कि छापेमारी के दौरान एक होटल में खराब मिठाई पायी गयी.
प्रथम दृष्टया मिठाई खाने योग्य नहीं थी. इसके बाद खराब मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया गया. वहीं कई अन्य प्रतिष्ठानों से भी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लिये गये हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
गुप्त सूचना पर नकली पनीर के खिलाफ कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार दाउदनगर क्षेत्र में नकली अथवा मिलावटी पनीर की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं. इसी को लेकर विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना में बताया गया था कि कुछ स्थानों पर गुणवत्ताहीन अथवा नकली पनीर की बिक्री की जा रही है.
इसके बाद विभाग ने शनिवार को अचानक कई प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिये. अधिकारी ने बताया कि मिलावटी या नकली पनीर का सेवन लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है.
Also Read : औरंगाबाद : केशहर नदी में डूबे 74 वर्षीय किसान का 20 घंटे बाद मिला शव, ग्रामीणों ने मांगा स्थायी पुल
ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता. विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके.
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
विभाग द्वारा लिये गये खाद्य पदार्थों के सैंपलों की प्रयोगशाला में जांच करायी जायेगी. यदि जांच में किसी प्रतिष्ठान से लिये गये नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाये जाते हैं या उनमें मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित होटल अथवा प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
व्यापारियों में हड़कंप, लोगों ने किया स्वागत
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने या लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जायेगा. खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से दाउदनगर के होटल और मिष्ठान कारोबारियों में भी हड़कंप मचा रहा. वहीं, आम लोगों ने विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ नियमित रूप से जांच अभियान चलाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए