औरंगाबाद : ओबरा में शिक्षकों और शिक्षाविदों का सम्मान, शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताया
ओबरा में शिक्षकों का हुआ सम्मान। | Prabhat Khabar Network
ओबरा में 'महापरिवर्तन आंदोलन' द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया. समारोह में शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताया गया.
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय और सराहनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित करने के उद्देश्य से रविवार को औरंगाबाद के ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीकृष्ण सिंह स्मृति भवन परिसर में 'महापरिवर्तन आंदोलन' के तत्वावधान में एक भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षकों के अतुलनीय योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ आम जनता के बीच शिक्षा के प्रति जागरूकता की अलख जगाना रहा.
कार्यक्रम की शुरुआत आधुनिक बिहार के निर्माता, राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री एवं 'बिहार केसरी' डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण और नमन कर की गई. इस विशेष समारोह के दौरान क्षेत्र के दर्जनों वरिष्ठ शिक्षकों, प्रबुद्ध शिक्षाविदों और शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करने वाले विभूतियों को अंगवस्त्र, मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
शिक्षा राष्ट्र निर्माण और बेहतर समाज की मजबूत नींव - कमलेश कुमार विकल
समारोह को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सह प्रसिद्ध शिक्षक नेता कमलेश कुमार विकल ने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित राष्ट्र और समाज की सबसे मजबूत नींव होती है.
उन्होंने कहा कि एक शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं प्रदान करता, बल्कि उनके नैतिक चरित्र के निर्माण और एक बेहतर, सभ्य समाज के गठन में भी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कहा कि हर सच्चे शिक्षक की यही हार्दिक कामना होती है कि उनके पढ़ाए छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा ग्रहण कर देश और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं.
आयोजकों ने इस दौरान जानकारी देते हुए बताया कि महापरिवर्तन आंदोलन के संस्थापक एवं अभियान प्रमुख तथा पूर्व डीजीपी विनय कुमार सिंह का मुख्य संदेश 'शिक्षित समाज, समृद्ध बिहार और शिक्षा से सशक्तिकरण, राष्ट्र निर्माण' है.
इसी वैचारिक संदेश को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से ओबरा सहित पूरे क्षेत्र में इस तरह के प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.
गणमान्य लोगों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस गरिमामयी समारोह में पेंशनर समाज के प्रखंड सचिव त्रिवेणी पांडेय, श्रीकृष्ण सिंह स्मृति मंच के सचिव कृष्णकांत शर्मा, सुर्खी प्लस टू महाविद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अजित कुमार, बुधन सिंह, मो. रेयाजुद्दीन, प्रदीप कुमार सिंह, शशिकांत शर्मा, विश्वजीत कुमार, डॉ. दीप्ति केशरी और कौशल्या कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता खादी ग्रामोद्योग के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने की, जबकि मंच का संचालन राजेश कुमार ने किया.
Also Read : औरंगाबाद : बारुण CHC में मरीजों की सुविधाओं पर समीक्षा, दवा से लेकर साफ-सफाई तक व्यवस्था सुधारने पर जोर
वहीं, इस पूरे आयोजन में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सह शिक्षक नेता कमलेश कुमार विकल ने मुख्य संरक्षक की भूमिका निभाई.
कार्यक्रम के अंत में ओबरा क्षेत्र के सभी शिक्षकों और उपस्थित समाजसेवियों ने मिलकर समाज में शिक्षा के प्रसार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का दृढ़ संकल्प लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए