औरंगाबाद में तैयार हुआ रेफरल अस्पताल कुटुंबा का नया भवन, शिफ्टिंग का इंतजार, पुराने भवन में मरीज परेशान
रेफरल अस्पताल कुटुंबा का नवनिर्मित भवन
Aurangabad News : औरंगाबाद के कुटुंबा रेफरल अस्पताल का नया भवन बनकर तैयार है, लेकिन विभाग द्वारा हैंडओवर न मिलने से मरीजों को अभी भी जर्जर भवन में इलाज कराना पड़ रहा है।
Aurangabad News : प्रखंड क्षेत्र के लोगों को जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है. रेफरल अस्पताल कुटुंबा का नया भवन लगभग बनकर तैयार हो चुका है. अब स्वास्थ्य विभाग को भवन के विधिवत हस्तांतरण और अस्पताल को पुराने जर्जर भवन से नये भवन में स्थानांतरित किए जाने का इंतजार है. हालांकि, भवन पूरी तरह कब विभाग को सौंपा जाएगा और नये भवन से अस्पताल का संचालन कब शुरू होगा, इस संबंध में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है.
आपके शहर में
तीन माह पहले भी जतायी गयी थी शिफ्टिंग की संभावना
जानकारी के अनुसार, करीब तीन माह पहले ही रेफरल अस्पताल को नये भवन में शिफ्ट किए जाने की संभावना जतायी जा रही थी. उस समय नवनिर्मित भवन में कुछ कार्य अधूरा रहने के कारण अस्पताल को स्थानांतरित नहीं किया जा सका था. अब भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अधिकांश काम पूरा हो चुका है. इसके बावजूद नये भवन के उद्घाटन और अस्पताल के स्थानांतरण की तिथि अब तक तय नहीं हो सकी है.
जर्जर भवन में मरीजों को हो रही परेशानी
अस्पताल के पुराने भवन की स्थिति काफी जर्जर बतायी जाती है. यहां प्रतिदिन इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. नये भवन में पर्याप्त जगह के साथ बेहतर सुविधाएं और व्यवस्थित वातावरण मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन तैयार होने के बावजूद यदि अस्पताल को जल्द नये भवन में स्थानांतरित नहीं किया गया, तो इसका लाभ आम मरीजों को नहीं मिल सकेगा.
हैंडओवर को लेकर एजेंसी और स्वास्थ्य विभाग के दावे अलग-अलग
निर्माण कार्य में लगी एजेंसी सोम्या कंस्ट्रक्शन, पटना के कर्मियों का कहना है कि रेफरल अस्पताल के नवनिर्मित भवन को जिला परियोजना प्रबंधक को हैंडओवर कर दिया गया है. वहीं, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर सिंह और स्वास्थ्य प्रबंधक दीपक कुमार का कहना है कि उन्हें अभी तक भवन निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा होने की जानकारी नहीं मिली है. उनके अनुसार, विभाग को विधिवत भवन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अस्पताल को नये भवन में शिफ्ट करने के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
शीघ्र निरीक्षण और शिफ्टिंग की मांग
इधर, नये भवन के तैयार होने की खबर से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है. स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से शीघ्र भवन का निरीक्षण कर हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी करने तथा रेफरल अस्पताल को नये भवन में स्थानांतरित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि उद्घाटन और शिफ्टिंग में हो रही देरी समाप्त कर नये भवन से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जानी चाहिए, ताकि प्रखंडवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिल सके.
Also Read : नवादा में भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन को लेकर बैठक, नौ मामलों की हुई समीक्षा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
