औरंगाबाद : हाईटेंशन पोल पर फॉल्ट ठीक करते समय फिसला इलेक्ट्रिक सैंडल, बिजली कर्मी का पैर टूटा
रेफरल अस्पताल में भर्ती मानव बल कर्मी | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के झिकटिया गांव के पास हाईटेंशन बिजली पोल की मरम्मत के दौरान मानव बल कर्मी धनंजय कुमार सिंह फिसलकर नीचे गिर गए, जिससे उनका पैर टूट गया. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
औरंगाबाद के अंबा प्रखंड क्षेत्र के ओरडीह गांव निवासी मानव बल कर्मी धनंजय कुमार सिंह बिजली पोल से गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गये. यह दुर्घटना कुटुंबा थाना क्षेत्र के झिकटिया गांव के बधार में घटी. मिली जानकारी के अनुसार, बिजली मिस्त्री हाईटेंशन बिजली पोल पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहे थे.
इसी दौरान उनका इलेक्ट्रिक सैंडल अचानक फिसल गया और वह संतुलन खोकर पोल से नीचे जमीन पर गिर पड़े. इस भयानक हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई है.
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कुटुंबा में भर्ती कराया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अन्य उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर करने की सलाह दी.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवल किशोर सिंह ने बताया कि फील्ड स्टाफ के पैर में गंभीर चोट लगी है और उनका पैर टूट गया है. बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किए जाने की आवश्यकता है, ताकि उनका समुचित उपचार हो सके.
विभाग द्वारा हरसंभव सहयोग का भरोसा
इधर, बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) प्रिय कंचन कुमार निराला ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि मानव बल कर्मी के पैर टूटने से विभाग के साथ-साथ बिजली उपभोक्ताओं को भी परिचालन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने आश्वस्त किया कि घायल कर्मी के समुचित उपचार के लिए बिजली विभाग की ओर से हरसंभव आर्थिक एवं प्रशासनिक सहयोग किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए