औरंगाबाद में 1 अक्टूबर से दूध का भाव 66 रुपये लीटर होगा, पशुपालक संघ ने लिया फैसला
सांकेतिक तस्वीर
औरंगाबाद शहर के गोकुल आश्रम में पशुपालक संघ की बैठक अध्यक्ष लालदेव प्रसाद की अध्यक्षता में हुई, जिसमें लागत बढ़ने के कारण 1 अक्टूबर 2026 से दूध का मूल्य 66 रुपये प्रति लीटर करने का निर्णय लिया गया. साथ ही पशुओं के बीमा, केसीसी ऋण राशि बढ़ाने और पशुपालकों के हितों से जुड़ी कई अन्य महत्वपूर्ण मांगें भी उठाई गईं.
औरंगाबाद शहर के महाराजगंज रोड स्थित गोकुल आश्रम में पशुपालक संघ की बैठक अध्यक्ष लालदेव प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में पशुपालकों की विभिन्न समस्याओं, संगठन को मजबूत करने और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. समिति के पुनर्गठन के दौरान सर्वसम्मति से मदन गुप्ता को सचिव तथा अनिल कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई. उपस्थित सदस्यों ने नवगठित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं.
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष लालदेव प्रसाद ने कहा कि दुधारू पशुओं के आहार और पशु औषधियों के मूल्य में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे पशुपालकों की लागत काफी बढ़ गई है. इसे देखते हुए संघ की ओर से एक अक्टूबर 2026 से दूध का मूल्य 66 रुपये प्रति लीटर किए जाने का निर्णय लिया गया है.
पशुपालकों के हित में उठी कई प्रमुख मांगें
बैठक के दौरान पशुपालकों के हित में कई महत्वपूर्ण मांगें भी उठाई गईं. किसानों की तर्ज पर प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से पशुओं को होने वाली क्षति पर पशुपालकों को सरकारी सहायता देने की मांग की गई. कृषि बीमा की तर्ज पर पशुओं का बीमा कराने की व्यवस्था करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई.

इसके अलावा मृत पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए नगर पालिका की ओर से उचित व्यवस्था कराने, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की राशि बढ़ाकर प्रति दुधारू पशु 60 हजार रुपये करने, पशुओं की पैथोलॉजी जांच की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा समय-समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कराने की मांग की गई.
Also Read : औरंगाबाद सदर अस्पताल में कचरे का अंबार, प्रसव वार्ड और SNCU के बगल फैली गंदगी; मरीज परेशान
पशुपालकों ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है. पशुपालकों की समस्याओं के समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा. बैठक में संघ के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय पशुपालक उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए