मोर डिहरी में अज्ञात वाहन से कुचलकर साइकिल सवार की मौत
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 09 May 2024 10:45 PM
घटना बुधवार की रात की है.
औरंगाबाद/ओबरा. औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर जम्होर थाना क्षेत्र के मोर डिहरी के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार 53 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गयी. मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के ही पाठक बिगहा गांव निवासी नंदकिशोर चौधरी के रूप में हुई है. घटना बुधवार की रात की है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि नंदकिशोर शंकरपुर के समीप ताड़ से ताड़ी उतारता था. बुधवार की रात ताड़ लगाकर साइकिल से घर लौट रहा था. जैसे ही मोर डिहरी के समीप पहुंचा, तभी अज्ञात वाहन नंदकिशोर को रौंदती हुई निकल गयी. घटनास्थल पर ही नंदकिशोर की मौत हो गयी. घटना के कुछ ही देर बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मृतक के परिजन व स्थानीय पुलिस को दी. सूचना पर बदहवास परिजन पहुंचे और शव से लिपटकर चीत्कार उठे. जम्होर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और फर्द बयान करा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. जम्होर थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना में साइकिल सवार अधेड़ की मौत हुई है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद परिजनों में शोक व्याप्त है, तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजे की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










