औरंगाबाद में NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई स्कॉर्पियो, चार घायल

इलाजरत घायल, क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो
औरंगाबाद में NH-19 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की ट्रेलर से टक्कर में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. गनीमत रही कि नवजात बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
औरंगाबाद नगर: जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के नगमतिया गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई. हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन में मौजूद नवजात बालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया.
दिल्ली से इलाज कराकर लौट रहा था परिवार
घायलों की पहचान जहानाबाद जिले के हुलासगंज निवासी विनय शर्मा और ऋतुराज सिंह तथा नवादा जिले के दीरी गांव निवासी शेषमणि देवी और रोहित सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सभी लोग नवजात शिशु का इलाज कराकर दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगमतिया गांव के पास पहुंचते ही स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
नवजात सुरक्षित, ट्रेलर चालक फरार
परिजनों के अनुसार, नवजात का जन्म कुछ दिन पहले गया के एक अस्पताल में हुआ था. बेहतर इलाज के लिए उसे दिल्ली रेफर किया गया था. इलाज के बाद परिवार घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया. राहत की बात यह रही कि नवजात को कोई चोट नहीं आई. वहीं हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
जांच में जुटी पुलिस, यातायात हुआ सामान्य
पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को सड़क से हटवाकर एनएच-19 पर यातायात सामान्य कराया. हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










