औरंगाबाद में शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर कुलपति से मिले प्रतिनिधि, वेतन भुगतान समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
ज्ञापन सौंपते शिक्षक
Aurangabad News : मगध विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों के शिक्षकों ने वेतन, सेवा संपुष्टि और अवकाश समेत अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कुलपति से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।
Aurangabad News : मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षक संघों के प्रतिनिधियों ने शिक्षकों की लंबित मांगों और विभिन्न समस्याओं को लेकर कुलपति से मुलाकात की. इस दौरान मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गयी. बैठक में गया कॉलेज, जेजे कॉलेज, जीबीएम कॉलेज, एएम कॉलेज गया, एसएमएसजी कॉलेज शेरघाटी, एसएन सिन्हा कॉलेज टिकारी तथा किशोरी सिन्हा महिला कॉलेज औरंगाबाद के शिक्षक प्रतिनिधि शामिल हुए.
आपके शहर में
वेतन भुगतान का मामला प्रमुखता से उठा
बैठक में नवनियुक्त एवं कार्यरत सहायक प्राध्यापकों के कई माह से लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि वेतन लंबित रहने के कारण शिक्षकों को आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कुछ शिक्षकों का वेतन एक्सपीरियंस वेरिफिकेशन के नाम पर लंबित होने की बात भी कुलपति के समक्ष रखी गयी. संघ ने बकाया वेतन का अविलंब भुगतान कराने की मांग की.
सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग
निर्धारित अवधि और आवश्यक शर्तें पूरी कर चुके सहायक प्राध्यापकों की सेवा संपुष्टि लंबे समय से लंबित रहने का मामला भी बैठक में उठाया गया. संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि सेवा संपुष्टि में देरी से शिक्षकों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. पात्र शिक्षकों की सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग की गयी.
एनपीएस की कटी राशि के समायोजन पर जोर
शिक्षकों के वेतन से एनपीएस के लिए काटी गयी राशि के समुचित समायोजन और संबंधित अभिलेखों को अद्यतन करने की मांग की गयी. प्रतिनिधियों ने कहा कि यह मामला कई महीनों से लंबित है. ऐसे में इसका शीघ्र निष्पादन आवश्यक है.
मातृत्व, पितृत्व और शिशु देखभाल अवकाश की मांग
शिक्षक संघ ने महिला शिक्षकों को नियमानुसार मातृत्व अवकाश, पुरुष शिक्षकों को पितृत्व अवकाश तथा पात्र शिक्षकों को शिशु देखभाल अवकाश यानी चाइल्ड केयर लीव देने की मांग की. प्रतिनिधियों ने कहा कि बिहार सरकार के अधीन कार्यरत कर्मचारियों को नियमानुसार इन अवकाशों की सुविधा मिलती है, इसलिए विश्वविद्यालय के पात्र शिक्षकों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए.
लंबित महंगाई भत्ते के भुगतान की भी मांग
बैठक में शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते के भुगतान का मामला भी उठाया गया. संघ ने लंबित डीए की राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की.
कुलपति ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता और स्पष्टता के साथ कुलपति के समक्ष रखा. कुलपति ने विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक एवं सार्थक विचार करते हुए आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन संबंधित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेगा. शिक्षक संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन कराने का अनुरोध किया. संघ ने कहा कि शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन और अधिक उत्साह, निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर सकेंगे.
Also Read : नवादा में भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन को लेकर बैठक, नौ मामलों की हुई समीक्षा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
