औरंगाबाद : ओबरा में राजस्व कर्मचारियों को CO की सख्त हिदायत, समय पर निपटाएं दाखिल-खारिज और भूमि विवाद

Updated:
विज्ञापन

समीक्षा बैठक करते अंचल अधिकारी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

औरंगाबाद जिले के ओबरा अंचल कार्यालय में सीओ राकेश कुमार शर्मा ने राजस्व कर्मचारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की. बैठक में दाखिल-खारिज, परिमार्जन और भूमि विवाद से जुड़े मामलों का समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया, साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

विज्ञापन

औरंगाबाद के ओबरा प्रखंड परिसर स्थित अंचल कार्यालय में सोमवार को अंचल अधिकारी (CO) राकेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में राजस्व कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में अंचल क्षेत्र के सभी हल्का कर्मचारी उपस्थित रहे.

विज्ञापन

बैठक के दौरान अंचल अधिकारी ने बारी-बारी से सभी हल्का कर्मचारियों से उनके अब तक के कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी को पूरी पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य करने का सख्त निर्देश दिया गया.

समय पर हो दाखिल-खारिज और परिमार्जन के मामलों का निपटारा

सीओ राकेश कुमार शर्मा ने स्पष्ट तौर पर निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व विभाग द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाएं और कार्य, जैसे परिमार्जन, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), भूमि विवाद, और जमीन की मापी से जुड़े मामलों का समय पर त्वरित निपटारा किया जाए. सभी राजस्व कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने हल्का क्षेत्र में लगातार भ्रमण करें और स्थानीय लोगों से बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनता के कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें.

इसके साथ ही अंचल कार्यालय के अन्य कर्मियों को भी निर्देशित किया गया कि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अंचल कार्यालय का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े. यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूरे कर लिए जाएं.

लापरवाही बरतने पर होगी कड़ी कार्रवाई

अंचल अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी राजस्व कर्मचारी के कार्यशैली के विरुद्ध जनता से कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो मामले की त्वरित जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर वरीय पदाधिकारियों से सख्त विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.

इसके अलावा, क्षेत्र के लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी राजस्व कर्मचारियों को अपना सरकारी एवं निजी मोबाइल नंबर हर समय चालू रखने का भी सख्त निर्देश दिया गया.

Also Read : औरंगाबाद में 1 अक्टूबर से दूध का भाव 66 रुपये लीटर होगा, पशुपालक संघ ने लिया फैसला

बैठक में इनकी रही उपस्थिति

इस समीक्षात्मक बैठक के दौरान राजस्व अधिकारी राज नारायण राय, राजस्व कर्मचारी विशाल कुमार, प्रेम कुमार, अनिल चौधरी, महेश कुमार, शिव कुमार, सुशील कुमार और जय कुमार सहित अंचल कार्यालय के काफी संख्या में अन्य राजस्व कर्मी और कर्मचारी मौजूद रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन