औरंगाबाद के ओबरा में रजवाहा माइनर में डूबने से 10 वर्षीय विक्की की मौत, गांव में पसरा मातम

Updated:
विज्ञापन
रोते बिलखते मृतक के परिजन | Prabhat Khabar Network

रोते बिलखते मृतक के परिजन

औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड में एक दुखद घटना में 10 वर्षीय विक्की कुमार की रजवाहा माइनर में डूबने से मौत हो गई. खेलते समय लापता हुए विक्की का शव अगले दिन बरामद हुआ. इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

विज्ञापन

औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड के अमिलौना पंचायत अंतर्गत सदा बिगहा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. रजवाहा माइनर में डूबने से 7 वर्षीय बालक की मौत हो गई. रविवार सुबह पुलिस ने खरांटी रजवाहा माइनर से बालक का शव बरामद किया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

खेलने निकला था विक्की, फिर नहीं लौटा घर

मृतक की पहचान सदा बिगहा गांव निवासी रितेश कुमार यादव के 10 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, विक्की शनिवार शाम करीब सात बजे घर से खेलने के लिए निकला था. काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्रों में उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

माइनर में गिरने की आशंका पर रोका गया पानी

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि खेलते समय विक्की रजवाहा माइनर में गिर गया होगा. इसके बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर माइनर में छोड़े जा रहे पानी को बंद कराने का अनुरोध किया गया. अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए शनिवार शाम को ही पानी का प्रवाह रोक दिया.

सुबह खोजबीन में मिला बालक का शव

रविवार सुबह करीब सात बजे जम्होर थाना अध्यक्ष सूर्यवीर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर खोजबीन शुरू की. इस दौरान जोगी बिगहा गांव जाने वाले रास्ते के पास खरांटी रजवाहा माइनर से विक्की का शव बरामद किया गया.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

पंचायत के मुखिया दिनेश राम और ग्रामीण सरोज कुमार ने बताया कि मृतक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है. विक्की के पिता रितेश कुमार यादव दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और घटना के समय वहीं मौजूद थे.

विक्की दो भाइयों में सबसे छोटा था. बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां मंजू देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं. परिजनों की चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी.

सरकारी सहायता राशि देने की मांग

मुखिया दिनेश राम ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को जल्द सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से भी पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग किया जाएगा.

चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया

अंचल अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार मृतक के आश्रितों को सरकार की ओर से चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी.

वहीं जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद पूरे सदा बिगहा गांव में मातम पसरा हुआ है.


विज्ञापन
Brajesh Divedi

लेखक के बारे में

By Brajesh Divedi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन