दाऊदनगर में बीएलबीसी की बैठक, 1149.89 करोड़ रुपये की वार्षिक ऋण योजना की समीक्षा

Updated:
विज्ञापन

बीएलबीसी की बैठक में शामिल एलडीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network

Aurangabad News : दाऊदनगर में आयोजित बीएलबीसी बैठक में एलडीएम ने बैंकों को सीडी रेशियो 50 प्रतिशत तक बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया.

विज्ञापन

Aurangabad News : दाऊदनगर प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति (बीएलबीसी) की बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) नंद किशोर प्रसाद चौधरी ने की. बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित वार्षिक ऋण योजना की उपलब्धि, ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) सहित विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गयी. एलडीएम ने बैंक अधिकारियों को ऋण वितरण में तेजी लाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

पहली तिमाही में लक्ष्य से अधिक ऋण उपलब्धि

एलडीएम नंद किशोर प्रसाद चौधरी ने बताया कि दाऊदनगर प्रखंड के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक ऋण योजना का लक्ष्य 1149.89 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है. इसके तहत पहली तिमाही में 287.47 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 346.16 करोड़ रुपये की उपलब्धि हासिल की गयी है. उन्होंने पहली तिमाही में निर्धारित लक्ष्य से अधिक ऋण उपलब्धि को सराहनीय बताया. साथ ही बैंकों के अधिकारियों से आने वाली तिमाहियों में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखने की अपील की.

सितंबर तक सीडी रेशियो 50 प्रतिशत करने का निर्देश

बैठक में प्रखंड के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) पर चिंता व्यक्त की गयी. बताया गया कि पहली तिमाही में दाऊदनगर प्रखंड का सीडी रेशियो 31.09 प्रतिशत रहा, जो संतोषजनक नहीं है. इस पर एलडीएम ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को ऋण वितरण में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सितंबर तिमाही तक प्रखंड का सीडी रेशियो बढ़ाकर कम से कम 50 प्रतिशत करने के लिए सभी बैंकों को गंभीरता से कार्य करना होगा.

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) एवं अटल पेंशन योजना (एपीवाई) सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. इन योजनाओं में बैंकों की उपलब्धि को सराहा गया. साथ ही अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया.

सरकारी ऋण और स्वरोजगार योजनाओं को गति देने पर जोर

एलडीएम ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना (पीएमएफएमई), लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सहित अन्य सरकारी ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की भी समीक्षा की. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है. पात्र लाभुकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए और उनके ऋण आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाना चाहिए.

उन्होंने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को चालू तिमाही के लिए निर्धारित वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. साथ ही शाखा स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निष्पादन करने को कहा.

Also Read : पत्रकारों की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर जोर, खबरों की सत्यता और निष्पक्षता को बताया जरूरी

युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में बैंक निभाएं सक्रिय भूमिका

एलडीएम ने कहा कि ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बैंक सक्रिय भूमिका निभाएं. उन्होंने बैंक अधिकारियों से पात्र लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा.

साइबर फ्रॉड को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश

बैठक में साइबर फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गयी. एलडीएम ने बैंक अधिकारियों को ग्राहकों एवं आम लोगों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बैंकिंग लेन-देन के दौरान लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए.

उन्होंने लोगों को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान फोन कॉल पर बैंकिंग संबंधी जानकारी देने अथवा मैसेज के माध्यम से मांगी जाने वाली गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी. बैंक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को साइबर अपराधियों के तरीकों से अवगत कराते हुए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया.

Also Read : बेगूसराय के रूप नगर घाट पर गंगा स्नान के दौरान हादसा, 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत, दो दोस्तों को बचाया गया

आरसेटी से प्रशिक्षित युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने का अनुरोध

बैठक में आरसेटी के निदेशक ने बैंक अधिकारियों से आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उनकी पात्रता के अनुसार ऋण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवा स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं. ऐसे में पात्र युवाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार से जोड़ने में सहयोग किया जाना चाहिए.

आपसी समन्वय से योजनाओं का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी दाऊदनगर, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, डीडीएम नाबार्ड, प्रखंड क्षेत्र के सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि, बीपीएम जीविका, सीएफएल ग्राम साथी के प्रतिनिधि एवं आरसेटी के निदेशक उपस्थित थे. बैठक में सभी संबंधित विभागों एवं बैंक अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सरकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया गया.

Also Read : बेगूसराय के दनियालपुर में 25 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे का दरवाजा था अंदर से बंद

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन