बेगूसराय के रूप नगर घाट पर गंगा स्नान के दौरान हादसा, 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत, दो दोस्तों को बचाया गया

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

बेगूसराय के रूप नगर घाट पर गंगा में नहाने के दौरान एक 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

विज्ञापन

बेगूसराय में सोमवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. चकिया थाना क्षेत्र के रूप नगर घाट पर करीब 8 बजे गंगा में नहाने के दौरान तीन युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने किसी तरह दो युवकों को बचा लिया, लेकिन करीब 20 वर्षीय प्रिंस कुमार को नहीं बचाया जा सका. पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

मृतक की पहचान सिमरिया चानन वार्ड नंबर 11 निवासी पंकज भगत के करीब 20 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, प्रिंस अपने दो दोस्तों के साथ सोमवार की सुबह रूप नगर घाट पर गंगा स्नान करने गया था. तीनों दोस्त गंगा में स्नान कर रहे थे, इसी दौरान अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.

दो दोस्तों को स्थानीय लोगों ने बचाया

तीनों युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत उनकी मदद के लिए आगे आए. लोगों ने प्रयास कर दो युवकों को किसी तरह पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन प्रिंस कुमार गहरे पानी में चला गया. इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पानी में उसकी तलाश शुरू की.

काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने प्रिंस के शव को पानी से बाहर निकाला. शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद चकिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया.

पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. गंगा स्नान के दौरान हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है. वहीं, प्रिंस की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन