पुनपुन नदी उफान पर, ओबरा में चपरी पुल 3 फीट पानी में डूबा; दर्जनों गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
बेल रोड स्थित चपरी पुल के ऊपर से बहता अदरी नदी का पानी
ओबरा प्रखंड मुख्यालय से गुजरने वाली अदरी और पुनपुन नदियां लगातार बारिश से उफान पर हैं. चपरी पुल के तीन फीट पानी में डूबने से आवागमन बाधित हो गया है. दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से धान की फसलों पर संकट मंडराने लगा है.
Punpun River Flood News : औरंगाबाद के ओबरा में लगातार हो रही बारिश के कारण ओबरा प्रखंड मुख्यालय से होकर गुजरने वाली अदरी और पुनपुन नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. दोनों नदियां उफान पर हैं और तेज धार के साथ पानी बह रहा है. जलस्तर बढ़ने से बेल रोड स्थित चपरी पुल करीब तीन फीट पानी में डूब गया है. पुल के आसपास की सड़कों पर भी पानी भर गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है.
आपके शहर में
पुल पर पानी चढ़ने के कारण राहगीरों, व्यवसायियों और छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. तेज बहाव को देखते हुए पुल से गुजरने वाले लोगों के बीच हादसे की आशंका भी बनी हुई है. कई लोगों को आवागमन के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है.
लगातार बारिश से बदला अदरी नदी का स्वरूप
स्थानीय लोगों के अनुसार, सामान्य दिनों में अदरी नदी का जलस्तर काफी कम रहता है. लेकिन पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है. नदी का पानी कई जगहों पर फैल गया है और तेज बहाव के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष जलस्तर बढ़ने के बाद चपरी पुल पर पानी चढ़ जाता है. इससे आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पहल करने की मांग की है.
दर्जनों गांवों में घुसा पानी, धान की फसल पर संकट
अदरी और पुनपुन नदियों के बढ़ते जलस्तर का असर आसपास के गांवों में भी दिखाई देने लगा है. गिरा मनोरा, महुअांव, बाजिदपुर समेत दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है. कई जगहों पर खेतों में भी पानी भर गया है.
खेतों में पानी जमा होने से किसानों की धान की फसल प्रभावित होने की आशंका है. ग्रामीण लगातार बढ़ रहे जलस्तर को लेकर चिंतित हैं. नदियों का पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में परेशानी और बढ़ सकती है.
राजस्व कर्मियों को निगरानी का निर्देश
अंचल अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है. सभी राजस्व कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिन स्थानों पर पानी का जलस्तर अधिक है, वहां जाने से परहेज करें. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
अस्पताल पहुंचाने के नाम पर औरंगाबाद में 15 साल की छात्रा से दुष्कर्म, छह घंटे बाद नहर के पास छोड़ा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए