औरंगाबाद: NH-19 पर दर्दनाक हादसा; तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, दोनों की मौके पर मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
घटनास्थल पर लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद के NH-19 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए. परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया है.
Aurangabad Road Accident: जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 (NH-19) पर मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दंपति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा अंजनवा मोड़ के समीप उस वक्त हुआ, जब दंपति बाइक से सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
आपके शहर में
सलैया के जोगड़ी गांव के रहने वाले थे मृतक दंपति
मृतकों की पहचान सलैया थाना क्षेत्र के ग्राम जोगड़ी निवासी प्रहलाद पाल और उनकी पत्नी उर्मिला देवी के रूप में की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी अपने पति प्रहलाद पाल के साथ बाइक पर सवार होकर अंजनवा स्थित मध्य विद्यालय जा रही थीं. जैसे ही वे अंजनवा मोड़ के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर NH-19 पर लगा भीषण जाम
घटना के तुरंत बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर NH-19 (जीटी रोड) को पूरी तरह जाम कर दिया. उग्र भीड़ ने जिला प्रशासन से मृतकों के आश्रितों को तत्काल उचित सरकारी मुआवजा देने, घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर/साइनेज लगाने और फरार ट्रक चालक की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की. सड़क जाम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों छोरों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, ट्रक चालक की तलाश जारी
हादसे की सूचना प्राप्त होते ही मदनपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है. पुलिस मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान में जुटी है.
Also Read: अस्पताल पहुंचाने के नाम पर औरंगाबाद में 15 साल की छात्रा से दुष्कर्म, छह घंटे बाद नहर के पास छोड़ा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए