औरंगाबाद में त्योहार की खरीदारी पर जाम का साया, मुख्य बाजार से महाराजगंज रोड तक रोज जूझ रहे लोग

Updated:
विज्ञापन

औरंगाबाद शहर में यातायात जाम एक विकराल समस्या बन गया है, जो मुख्य बाजार से महाराजगंज रोड तक फैला हुआ है। रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के दौरान स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

विज्ञापन

Aurangabad Traffic Jam : औरंगाबाद शहर इन दिनों महाजाम की समस्या से जूझ रहा है. मुख्य बाजार पथ से लेकर महाराजगंज रोड तक शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब लोगों को जाम की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ता हो. स्थिति अब इतनी बिगड़ चुकी है कि शहर के मोहल्लों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़कों पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं. सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. जाम में फंसे वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी, तो जाम की समस्या और विकराल हो गयी. धर्मशाला चौक से लेकर सदर अस्पताल गेट तक वाहनों की रफ्तार थमी रही. वहीं रमेश चौक से ओवरब्रिज और रामाबांध बस स्टैंड की ओर जाने वाले रास्ते पर भी घंटों वाहन रेंगते रहे. बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को अपने वाहन निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

एक नजर में औरंगाबाद का जाम | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद का जाम

चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी भी बेबस

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है, लेकिन जाम की स्थिति में उनका प्रभावी हस्तक्षेप नजर नहीं आता. कई जगह वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े रहते हैं और सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण के कारण पहले से ही संकरी सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है. नतीजा यह होता है कि कुछ ही देर में जाम लंबा होता चला जाता है.

एक नजर में औरंगाबाद का जाम | Prabhat Khabar Network

प्रशासनिक दावों की खुली पोल

शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन की ओर से समय-समय पर कई दावे और कवायद की जाती रही है. ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने, सड़क किनारे अवैध पार्किंग रोकने और अतिक्रमण हटाने की बातें भी होती रही हैं. बावजूद इसके धरातल पर स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं दिख रहा है.त्योहारों के दौरान तो समस्या और गंभीर हो जाती है.

एक नजर में औरंगाबाद का जाम | Prabhat Khabar Network

स्थायी समाधान की जरूरत

स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम अब रोजमर्रा की समस्या बन चुका है. शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का बढ़ता दबाव, बेतरतीब पार्किंग, अतिक्रमण और कमजोर ट्रैफिक प्रबंधन इसके प्रमुख कारण हैं. समाजसेवी अनिल सिंह,सुरेश विद्यार्थी,मनोज गुप्ता,शिव कुमार गुप्ता,पंकज वर्मा आदि लोगों ने प्रशासन से चौक-चौराहों पर प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और अतिक्रमण हटाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जब तक इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक औरंगाबाद शहर जाम की समस्या से मुक्त नहीं हो सकेगा.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन