बारिश से लहलहा रही धान की फसल, औरंगाबाद में 11 दिनों में सामान्य से ढाई गुना ज्यादा वर्षा
खेत में लहलहा रहे धान के पौधे
औरंगाबाद में रविवार से सूर्य के उत्तरा नक्षत्र में प्रवेश के साथ बारिश का अंतिम दौर शुरू हो रहा है. जिले में 11 दिनों में सामान्य से अधिक 197.1 एमएम औसत बारिश दर्ज की गई है, जिसमें ओबरा में सर्वाधिक 401.4 एमएम बारिश हुई. इस बारिश से धान की फसल लहलहा उठी है और कीटों का प्रकोप खत्म होने से किसानों को बेहतर पैदावार की उम्मीद है.
Aurangabad Rainfall : भगवान सूर्य रविवार से उत्तरा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे. इसके साथ ही बरसात का अंतिम चरण भी शुरू हो जाएगा. पिछले महीने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के बाद अभी भी मानसून सक्रिय है. लगातार बारिश होने से नदियों का जलस्तर काफी बढ़ा है. कहीं-कहीं बाढ़ की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी. निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से धान की फसल पानी में डूब कर बर्बाद हुई है.
किसानों के लिए वरदान
झारखंड से सटे इलाके में यह बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हुई है. अभी भी मौसम खरीफ फसल के अनुकूल सुहाना प्रतीत हो रहा है.
जून-जुलाई में बारिश की बेरुखी से धान की खेती प्रभावित हुई थी, लेकिन दो सप्ताह से हो रही बारिश से खेतों में फसल लहलहा रही है. फसल पर कीट-व्याधि का प्रकोप न होने से किसानों को राहत मिली है.
कीट प्रकोप से राहत
इसके पहले कहीं-कहीं धान की फसल में तना छेदक कीट का प्रकोप देखा गया था, जो बारिश और फुहार पड़ने के बाद समाप्त हो गया.
खेतों में पानी रहने से धान की फसल को लाभ मिल रहा है. किसानों को उम्मीद है कि मौसम का साथ मिला तो इस बार धान की पैदावार बेहतर हो सकती है. विभाग के अनुसार इस माह 203 मिमी औसतन बारिश की संभावना जताई गई थी.
प्रखंडवार बारिश के आंकड़े
सितंबर माह में अब तक 11 दिनों में ओबरा प्रखंड में सबसे अधिक 401.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से दोगुनी है.
कुटुंबा में सबसे कम 66.6 एमएम बारिश हुई है. दाउदनगर में 287 एमएम, हसपुरा में 251.2 एमएम, रफीगंज में 242.2 एमएम, बारूण में 226.2 एमएम, गोह में 195 एमएम, मदनपुर में 185 एमएम, नवीनगर में 121 एमएम तथा देव में 86.6 एमएम बारिश दर्ज हुई है.
एसएसओ का वक्तव्य
एसएसओ ब्रजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इस माह में जिले में 11 दिनों के दौरान औसत 75 एमएम के विरुद्ध 197.1 एमएम वास्तविक बारिश दर्ज की गई है. इस तरह सामान्य से अधिक बारिश हुई है. सभी प्रखंडों में हुई बारिश को जोड़ने पर 11 दिनों में कुल 2168.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए