CSP संचालक से लूट के बाद ग्रामीणों ने पीछा कर 2 अपराधियों को पकड़ा, तीसरा भी पुलिस की गिरफ्त में
अपराधियों के पकड़े जाने पर जुटी भीड़
औरंगाबाद में सीएसपी संचालक से अपराधियों ने करीब ढाई लाख रुपये, लैपटॉप और मोबाइल लूट लिया. घटना के बाद ग्रामीणों ने पीछा कर दो अपराधियों को पकड़ा, जबकि तीसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने लूटी गई रकम और हथियार भी बरामद कर लिए हैं.
औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक से करीब ढाई लाख रुपये समेत लैपटॉप, मोबाइल और ग्राहकों के एटीएम कार्ड लूट लिया. घटना तमसी मोड़ के समीप की बतायी जा रही है.
वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे अपराधियों में से दो को ग्रामीणों ने पीछा कर तुरंत पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं, एक अपराधी भागने में सफल रहा, जिसे घटना के तीन-चार घंटे बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
तमसी मोड़ के पास लूटपाट
कासिमपुर गांव निवासी अनोखी कुमार तमसी गांव में पंजाब नेशनल बैंक का सीएसपी संचालित करते हैं. शुक्रवार की सुबह वह कुटुंबा स्थित पंजाब नेशनल बैंक से रुपये निकालकर बाइक से अपने सीएसपी केंद्र जा रहे थे.
इसी दौरान तमसी मोड़ के समीप घात लगाये अपराधियों ने हथियार दिखाकर उनसे रुपये, एटीएम कार्ड, लैपटॉप और मोबाइल छीन लिये.
ग्रामीणों ने खदेड़कर दबोचा
लूटपाट के बाद पल्सर बाइक से भाग रहे अपराधियों की सूचना सीएसपी संचालक ने ग्रामीणों और पुलिस को दी.
पीछा करने के दौरान चकुआ गांव के समीप असंतुलित होकर बाइक खेत में गिर गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने दो बदमाशों को दबोच लिया. तीसरा अपराधी छिप गया था, जिसे पुलिस ने बाद में ढूंढ निकाला.
लूट का सामान व हथियार बरामद
मिल रही जानकारी के अनुसार पुलिस ने अपराधियों के पास से लूट की गई राशि, एटीएम कार्ड, लैपटॉप तथा हथियार बरामद कर लिए हैं.
पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार व कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए अपराधियों को हिरासत में लिया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पकड़े गए अपराधी माली थाना क्षेत्र के पिपरा, औरंगाबाद के ओरा तथा ओबरा के देवकली गांव के बताए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए