औरंगाबाद में बैंक हड़ताल से सेवाएं प्रभावित, पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग; 28-30 सितंबर को फिर हड़ताल
मांगो को लेकर हड़ताल करते बैंककर्मी | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की हड़ताल के चलते विभिन्न बैंकों की शाखाएं बंद रहीं. पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग और अन्य मुद्दों को लेकर बैंक अधिकारी और कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया. इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
Aurangabad Bank Strike : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को पांच दिवसीय बैंकिंग समेत विभिन्न मांगों को लेकर जिले के बैंक अधिकारी एवं कर्मचारियों ने एकदिवसीय हड़ताल की.
इसके कारण औरंगाबाद जिले में विभिन्न बैंकों की शाखाएं बंद रहीं. बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई लोग बैंक का काम कराने पहुंचे, लेकिन शाखाएं बंद मिलने पर निराश होकर वापस लौट गये.
पीएनबी कार्यालय पर प्रदर्शन
हड़ताल के तहत विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय, औरंगाबाद के बाहर बड़ी संख्या में जुटे और धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान बैंक कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की.
View on Instagram
पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के मंडल सचिव रवि कुमार ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रमुख मांग है.
जब भारतीय रिजर्व बैंक और नाबार्ड में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है, तो वाणिज्यिक बैंकों में इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है. उन्होंने कहा कि 12वें द्विपक्षीय समझौते में भी इस संबंध में प्रावधान होने के बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया है.
पीएलआई योजना वापस लेने की मांग
प्रदर्शन के दौरान सरकार की एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण पीएलआई योजना वापस लेने, सेवा संबंधी मामलों में बैंक यूनियनों से द्विपक्षीय वार्ता करने तथा लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गयी.
मंडल अध्यक्ष अभिषेक कुमार, कर्मचारी यूनियन के राज कुमार, अभिषेक चंद्र सिंह, केनरा बैंक के प्रिंस कुमार और भारतीय स्टेट बैंक के पिंटू कुमार ने भी संबोधित किया.
अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
प्रदर्शन में शामिल प्रतिनिधियों ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल तथा इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए