बैंक में जमा करने थे पैसे, 12 लाख से ज्यादा लेकर गायब हुआ मैनेजर

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 23 May 2026 8:10 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर(ai generated )

Aurangabad News: अंबा थाना क्षेत्र में स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड का पूर्व शाखा प्रबंधक ग्राहकों और मकान मालिक से करीब 12.65 लाख रुपये लेकर फरार हो गया. मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस और कंपनी की ऑडिट टीम जांच में जुटी है.

विज्ञापन

Aurangabad News: औरंगाबाद के अंबा थाना क्षेत्र में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के पूर्व शाखा प्रबंधक ग्राहकों को चूना लगा कर फरार हो गया है. मामले में स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड के कर्मी अंकुर तिवारी ने अंबा थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. ठगी की घटना उजागर होने के बाद कंपनी के कर्मियों एवं ग्राहकों के बीच हड़कंप मच गया है.

उन्होंने आवेदन में जिक्र किया है कि वह वर्तमान में स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड की अंबा-2 शाखा में कार्यरत हैं. शाखा के पूर्व मैनेजर गयाजी जिले के खिजरसराय थानाक्षेत्र के सरैया बाजार निवासी सुनील कुमार ग्राहकों से वसूली गई दो लाख 63 हजार 879 रुपये की राशि इंडियन बैंक, अंबा शाखा में जमा करने के लिए निकले थे.

फोन स्विच ऑफ

इसके बाद उनका मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया और उनसे संपर्क नहीं हो रहा है. बाद में पता चला कि सुनील ने अंबा के चिल्हकी गांव निवासी मकान मालिक अमरेश कुमार पांडेय से भी बैंक के कार्य का हवाला देते हुए 10 लाख रुपए कर्जा लिया था, जिसे लेकर फरार हो गया. मकान मालिक के अनुसार पहले भी कई बार उसने बैंक चलाने के नाम पर पैसा लिया था पर कुछ दिनों के बाद वापस कर देता था. इस बार पैसा लेकर फरार हो गया.

संभावित ठिकाने पर खोजने में जुटे बैंककर्मी

बैंक में पैसा जमा करने के नाम पर निकला मैनेजर सुनील जब काफी देर तक अपने ऑफिस नहीं पहुंचा तो कर्मियों को कुछ शक हुआ. वे उनकी तलाश में इंडियन बैंक, अंबा बाजार, बस स्टैंड समेत कई स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. बाद में मामले की सूचना कंपनी के उच्च अधिकारियों को दी गई. अधिकारी सुनील कुमार के पैतृक गांव सरैया बाजार भी पहुंचे, जहां उनके माता-पिता, पत्नी एवं पड़ोसियों से मुलाकात की गई. परिजनों ने संपर्क होने पर पैसा लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका.

मामले की जांच में जुटी पुलिस और ऑडिट टीम

फिलहाल कंपनी की ऑडिट टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. फील्ड वेरिफिकेशन किया जा रहा है ताकि किसी भी ग्राहक के पैसे के गबन की स्थिति स्पष्ट हो सके. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट थाना को सौंपे जाने की बात कही गई है. वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. विदित हो कि पिछ्ले छह माह पूर्व कुटुंबा के दर्जनो लोगों ने कम दिनो में रूपए दोगुना करने के नाम पर लाखो रूपए गंवाया है. यहां तक कि ठगो ने पीएनबी कुटुंबा के खाता धारकों को भी झांसे में लेकर उनका अकाउंट खाली कर दिया है.

क्या बोले थानाध्यक्ष

एसएचओ राहुल राज ने कहा कि स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड के कर्मी अंकुर तिवारी के आवेदन के आलोक में थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. कर्मी सुनील कुमार के विरुद्ध लगभग 12 लाख 65 हजार रुपए गबन का आरोप लगाया गया है. मामले की तहकीकात की जा रही है.

Also Read: एएनएम छात्राओं ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, ग्रामीणों को दी जरूरी सलाह

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन