औरंगाबाद में 12वें वेतनमान और प्रमोशन की मांग पर बैंक कर्मियों की हड़ताल, आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन करते बैंक कर्मी
Aurangabad News: औरंगाबाद में बिहार सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक एंप्लॉइज फेडरेशन यूनिट के बैनर तले बैंक कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया. कर्मियों की मुख्य मांग 12वां वेतनमान और लंबित प्रमोशन प्रक्रिया को पूरा करना है.
Aurangabad News (औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट):
बिहार सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक एंप्लॉइज फेडरेशन यूनिट, औरंगाबाद के बैनर तले बैंक कर्मियों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यालय को-ऑपरेटिव बैंक, औरंगाबाद शाखा परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया. कर्मचारियों ने बैंक प्रबंधन पर लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पांच जून 2026 से वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे.
लंबे समय से पत्राचार के बाद भी नहीं हुई कोई ठोस पहल
कर्मचारी संघ के नेताओं ने बताया कि संघ की बैठक दो नवंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा कर प्रस्ताव पारित किया गया था. इसके बाद बैंक के प्रबंध निदेशक एवं निदेशक मंडल के सदस्यों को पत्र के माध्यम से मांगों से अवगत कराया गया. संघ द्वारा 14 नवंबर 2025, 18 मई 2026 तथा 28 मई 2026 को भी पत्र भेजकर मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई.
काला बिल्ला लगाकर जताया था विरोध, 12वें वेतनमान की है मुख्य मांग
मांगों की अनदेखी से नाराज कर्मचारियों ने 29 और 30 मई को काला बिल्ला लगाकर बैंक प्रबंधन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया था. इसके बावजूद वार्ता के माध्यम से कोई समाधान नहीं निकल सका. परिणामस्वरूप पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एक जून को बैंक कर्मियों ने एक दिवसीय शांतिपूर्ण हड़ताल करते हुए धरना दिया.
संघ की प्रमुख मांगों में 12वें वेतनमान का शीघ्र भुगतान, लंबित प्रमोशन प्रक्रिया का निष्पादन तथा कर्मचारियों से जुड़ी अन्य समस्याओं का समाधान शामिल है. कर्मचारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन प्रबंधन की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जा रही है.
धरना प्रदर्शन में ये सभी कर्मी रहे मौजूद
धरना कार्यक्रम में कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, महासचिव दीपक आनंद, उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव प्रियंका रानी, विशाल कुमार, प्रवक्ता राजीव रंजन कुमार, कोषाध्यक्ष चंदन राज, संगठन मंत्री पवन कुमार, प्रवीण कुमार, सचिन कुमार सिंह सहित बैंक के सभी कर्मी मौजूद रहे. संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है. यदि पांच जून तक उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनती है, तो बैंक के सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बैंक प्रबंधन की होगी.
कर्मचारियों की जायज मांग को पूरा करने का होगा प्रयास: अध्यक्ष
कोऑपरेटिव बैंक औरंगाबाद के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि बैंक काफी पुराना है. बैंक सुदृढ़ हुआ है तो कर्मचारी भी सुदृढ़ हो रहे है. घाटे को पाटकर फायदा में लाया गया है. कर्मचारियों की जायज मांग को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
निदेशक मंडल से हुई है चर्चा, मांगों पर विचार करेंगे: एमडी
जिला कोऑपरेटिव बैंक के एमडी सौरभ किशोर ने बताया कि निदेशक मंडल से चर्चा हुई है. हमलोग बैठकर चर्चा करेंगे. विभाग को ध्यान दिलाया गया है. कर्मचारियों की मांगो पर विचार किया जाएगा. पहले बैंक की स्थिति ठीक नहीं थी, पर अब कुछ बेहतर होती जा रही है.
Also Read: औरंगाबाद में गैस की कालाबाजारी के खिलाफ फूटा गुस्सा, NH-139 पर सिलेंडर रखकर लोगों ने किया चक्का जाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










