औरंगाबाद के नगर भवन में अपराजिता महिलाओं का सम्मान, गूंजीं कामयाबी की गाथाएं
Published by : AMIT KUMAR SINGH Updated At : 30 May 2026 10:50 PM
नगर भवन में आयोजत समारोह में सम्मानित महिलाएं.
Aurangabad News : नगर भवन के प्रांगण में प्रभात खबर के तत्वावधान में आयोजित अपराजिता महिला सम्मान समारोह प्रेरणा, सम्मान और उत्साह का एक संगम साबित हुआ
Aurangabad News : औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट. नगर भवन के प्रांगण में प्रभात खबर के तत्वावधान में आयोजित ”अपराजिता महिला सम्मान समारोह” प्रेरणा, सम्मान और उत्साह का एक अनूठा संगम साबित हुआ. इस भव्य समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत, लगन और अटूट संघर्ष के बल पर विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। जब इन अपराजिताओं ने मंच पर अपना सम्मान ग्रहण किया, तो उनके चेहरे गर्व और आत्मविश्वास से दीप्त थे, वहीं उनकी संघर्ष गाथाओं को सुनकर सभागार में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गयीं. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस गौरवमयी अवसर पर एमएलसी दिलीप कुमार सिंह, रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह, गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा, कुटुंबा विधायक ललन भुइंया, ओबरा विधायक डॉ प्रकाश चंद्र, नगर पर्षद चेयरमैन उदय गुप्ता और रेडक्रॉस चेयरमैन सतीश कुमार सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे. अतिथियों ने अपने संबोधन में महिलाओं की उपलब्धियों की मुक्त कंठ से सराहना की. उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. ऐसे आयोजनों से न केवल वर्तमान उपलब्धियों को पहचान मिलती है, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं और बेटियों को भी आगे बढ़ने की नयी प्रेरणा मिलती है.

नम्रता के गीतों और एहसान की शायरियों ने बांधा समां
शहर की सांस्कृतिक संध्या उस समय यादगार बन गयी जब मंच पर बॉलीवुड गायिका नम्रता दास और प्रसिद्ध हास्य कलाकार एहसान कुरैशी की प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया. देर शाम शुरू हुए कार्यक्रम में संगीत, हास्य और शायरी का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने उपस्थित लोगों को देर रात तक अपनी सीटों से बांधे रखा. कार्यक्रम की शुरुआत नम्रता दास के मधुर गीतों से हुई. उन्होंने अपनी सुरीली आवाज़ से एक के बाद एक लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया. जैसे ही उन्होंने “हुस्न तेरा दीवाना” गीत गाया, दर्शक झूम उठे. इसके बाद “जुबी-जुबी”, “जवानी जाने मन” सहित कई चर्चित गीतों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए. हर गीत के साथ श्रोताओं का उत्साह बढ़ता गया और तालियों की गूंज पूरे परिसर में सुनाई देती रही. कई लोग अपनी सीटों पर बैठे-बैठे गीतों की धुन पर थिरकते नजर आये. संगीतमय माहौल के बाद मंच पर पहुंचे हास्य कलाकार एहसान कुरैशी ने अपनी विशिष्ट शैली में दर्शकों का अभिवादन किया. उन्होंने हास्य, व्यंग्य और शायरी का ऐसा ताना-बाना बुना कि पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा. अपनी चुटीली बातों और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने समाज की विभिन्न परिस्थितियों पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया. एहसान कुरैशी ने कई दिलचस्प शायरियां भी सुनायीं. उनकी शायरी में हास्य के साथ जीवन के विभिन्न रंगों की झलक दिखाई दी. हर शेर और हर पंचलाइन पर दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया. उनकी प्रस्तुति ने न केवल लोगों को हंसाया बल्कि उन्हें भावनात्मक रूप से भी जोड़ने का काम किया. पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था.

सहयोगियों का भी हुआ सम्मान
इस अवसर पर आयोजन में सहयोग करने वाले सभी प्रायोजकों और सह प्रायोजकों को भी सम्मानित किया गया. प्रभात के ब्यूरो प्रमुख सुजीत कुमार सिंह ने इनका आभार वक्त करते हुए कहा कि इनके सहयोग के बिना इतनी भव्यता से यह समारोह संभव नहीं हो पाता. मेन स्पांसर वस्तु विहार को मेमेंटो, अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया. एसोसिएट स्पॉन्सर के रूप में भगवान प्रसाद शिवनाथ प्रसाद बीएड कॉलेज, विवेकानंद मिशन स्कूल और विवेकानंद वीआइपी स्कूल, बीएल इंडो ग्रुप, श्री भागवत प्रसाद सिंह मेमोरियल बीएड कॉलेज तथा अडानी इंटरनेशनल स्कूल ने अपनी सहभागिता निभायी. कार्यक्रम के सह-प्रायोजकों में सर्वोदय डिग्री कॉलेज बिरहारा हसपुरा, निर्मानवेदा लिस्टेड बाई आरएसडी भारती लिमिटेड, एनटीपीसी तथा लिटिल एंजेल्स इंटरनेशनल स्कूल शामिल है. इसके अलावा पार्टनर संस्थाओं में लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल, नारायणा मिशन स्कूल एवं सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज का नाम प्रमुख रूप से शामिल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










