औरंगाबाद: जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट, दो महिला समेत 5 घायल

अस्पताल में इलाजरत जख्मी
औरंगाबाद के सदुरी कर्मा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, आधा दर्जन लोग घायल। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरारी कला खुर्द के सदुरी कर्मा गांव में जमीन विवाद ने शुक्रवार की देर शाम अचानक हिंसक रूप ले लिया. लंबे समय से चल रहे इस विवाद ने उस वक्त खतरनाक मोड़ ले लिया जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. इस घटना में एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. वहीं दूसरे पक्ष के भी एक-दो लोगों के घायल होने की खबर है, लेकिन उनका पक्ष अब तक सामने नहीं आ सका है.
पुराने विवाद ने बढ़ाया तनाव
जानकारी के अनुसार गांव के कृष्णा पांडेय और बद्री पांडेय के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि यह मामला न्यायालय में भी लंबित है. बावजूद इसके, दोनों पक्षों के बीच तनाव कम नहीं हुआ और अक्सर कहासुनी होती रहती थी. शुक्रवार की शाम यह तनाव अचानक हिंसा में बदल गया.
लोगों के मुताबिक पहले दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र हो गई. इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे. इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और गांव में डर का माहौल फैल गया.
महिलाएं भी बनीं हिंसा का शिकार
इस झड़प में पिंटू पांडेय की पत्नी सुमन देवी, चंदन पांडेय की पत्नी चंपा देवी, कृष्णा पांडेय की पत्नी मीना देवी और संतोष पांडेय के पुत्र रजनीश पांडेय घायल हो गए. घायलों को पहले स्थानीय थाना लाया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल सभी का इलाज जारी है.
घायलों ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के लोग जबरन उनके घर में घुस आए और हमला कर दिया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई, जिससे मामला और गंभीर हो गया.
दूसरे पक्ष का बयान अब तक नहीं
दूसरे पक्ष के भी घायल होने की बात सामने आई है, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है. ऐसे में यह माना जा रहा है कि दोनों पक्षों की अपनी-अपनी कहानी हो सकती है, जिसे पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट कर पाएगी.
पुलिस जांच में जुटी, वीडियो वायरल
घटना के बाद नरारी कला खुर्द थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है. आवेदन मिलने के बाद और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस बीच मारपीट का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पक्ष के लोग लाठी-डंडों के साथ हंगामा करते नजर आ रहे हैं. हालांकि पुलिस ने वायरल वीडियो की भी जांच शुरू कर दी है.
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही लोगों को यह भी समझाया जा रहा है कि न्यायालय में लंबित मामलों को कानून के दायरे में रहकर सुलझाएं और किसी भी परिस्थिति में हिंसा का सहारा न लें. गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Sujit Kumar
पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. क्राइम की खबरों में गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे है. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










