औरंगाबाद : बाथरूम के पास ग्राइंडर चला रहा था युवक, करंट की चपेट में आने से हुई मौत, परिजनों में कोहराम
सदर अस्पताल परिसर में घटना के बाद जुटी लोगों की भीड़.
औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खैरी गांव में मकान निर्माण के दौरान ग्राइंडर मशीन से करंट लगने से 18 वर्षीय मजदूर नौशार आलम की मौत हो गई. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है.
Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खैरी गांव में एक मकान निर्माण के दौरान मजदूरी कर रहे 18 वर्षीय युवक की ग्राइंडर मशीन चलाते समय बिजली का करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई.
मृतक की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के मंझार गांव निवासी मो. खैरूद्दीन के पुत्र नौशार आलम के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, नौशार आलम बचपन से ही अपने ननिहाल में औरंगाबाद शहर के वार्ड नंबर 22 स्थित नावाडीह मोहल्ले में रहता था.
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के मामा अल्ताफ हुसैन ने रोते हुए बताया कि नौशार मजدूरी करने के लिए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खैरी गांव गया हुआ था, जहां एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था.
घटना के वक्त वह बाथरूम के पास खड़े होकर ग्राइंडर मशीन से काम कर रहा था. जिस स्थान पर वह काम कर रहा था, उसके आसपास कुछ पानी का जमाव भी था. इसी दौरान अचानक ग्राइंडर मशीन में जोरदार करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
उसके साथ काम कर रहे अन्य साथी मजदूरों ने जब उसे अचेत अवस्था में देखा, तो उनके होश उड़ गए. वे आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले आए, जहां के ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने नौशार की नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया.
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना पाकर परिजन तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे और शव से लिपटकर बुरी तरह चीत्कार उठे. इसके बाद घटना की जानकारी नगर थाना की पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों से आवश्यक पूछताछ करने के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया.
घर का मंझला बेटा था नौशार, परिवार में छाया मातम
जानकारी के अनुसार, मृतक नौशार आलम तीन भाइयों में मंझला (बीच का) भाई था. उसके पिता मो. खैरूद्दीन अपने गांव पर ही रहकर खेती-बाड़ी का काम करते हैं. इस अचानक हुए भीषण हादसे के बाद से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. परिजनों की ओर से जैसे ही लिखित आवेदन प्राप्त होगा, आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए