अरवल सदर अस्पताल: प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने किया नए दवा वितरण केंद्र और प्रतीक्षालय का उद्घाटन
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 29 May 2026 12:44 PM
अरवल सदर अस्पतला पहुंचे प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश.
Arwal News : सदर अस्पताल कैंपस में नया दवा वितरण कक्ष और सुविधायुक्त प्रतीक्षालय बन जाने से अब अस्पताल आने वाले मरीजों को लंबी कतारों और मौसम की मार से राहत मिलेगी.
Arwal News : (अरवल से निशिकांत की रिपोर्ट)
अरवल सदर अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए एक राहत भरी खबर है. अस्पताल परिसर में नवनिर्मित आधुनिक दवा वितरण केंद्र और प्रतीक्षालय का शुक्रवार को भव्य उद्घाटन किया गया. जिला के प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया. इस मौके पर स्थानीय विधायक मनोज शर्मा और पप्पू वर्मा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
मरीजों को मिलेगी कतारों और धूप-उमस से मुक्ति
सदर अस्पताल कैंपस में नया दवा वितरण कक्ष और सुविधायुक्त प्रतीक्षालय बन जाने से अब अस्पताल आने वाले मरीजों को लंबी कतारों और मौसम की मार से राहत मिलेगी. पहले दवा लेने के लिए मरीजों को काफी असुविधा होती थी, लेकिन अब व्यवस्थित काउंटर और बैठने के लिए प्रतीक्षालय की व्यवस्था हो जाने से लोग आराम से अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे और आसानी से दवाइयां प्राप्त कर सकेंगे.
प्रशासनिक और राजनीतिक दिग्गजों की रही मौजूदगी
उद्घाटन के इस गरिमामयी अवसर पर जिले के तमाम वरीय प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक दल के नेता मौजूद रहे. कार्यक्रम में मुख्य रूप से अरवल जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस, पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी, उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, जदयू नेता मिथिलेश यादव, सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर प्रसाद, डीपीएम सलीम जावेद और अस्पताल प्रबंधक शशांक शेखर सहित कई अन्य नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.
स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने का संकल्प
उद्घाटन के बाद प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है. नया दवा वितरण केंद्र इसी दिशा में एक सराहनीय कदम है. इस दौरान अस्पताल प्रबंधन और मौजूद पदाधिकारियों ने मंत्री महोदय को भरोसा दिलाया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे.
ALSO READ: यात्रियों के लिए बड़ी राहत, पटना-झाझा रूट से नई दिल्ली और हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










