अरवल के सभी अंचलों में लगा भूमि विवाद जनता दरबार, मौक पर ही कई मामलों का हुआ निपटारा

भूमि विवाद पर जनता दरबार करती अंचलाधिकारी
Arwal News: अरवल जिले के सभी अंचलों में भूमि संबंधी विवादों के त्वरित निष्पादन के लिए अंचलाधिकारी और थानाध्यक्षों की संयुक्त मौजूदगी में जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में दोनों पक्षों के दस्तावेजों की जांच कर कई मामलों का मौके पर ही विधिसम्मत निपटारा किया गया.
Arwal News: (निशिकांत की रिपोर्ट) अरवल जिले के सभी अंचलों में भूमि संबंधी विवादों के त्वरित, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण निष्पादन के उद्देश्य से शनिवार को साप्ताहिक संयुक्त जनता दरबार का आयोजन किया गया. जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के निर्देश पर आयोजित इस जनता दरबार में जमीन से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई. इस दौरान संबंधित अंचलाधिकारी एवं अंचल क्षेत्र के थानाध्यक्षों ने संयुक्त रूप से मामलों की मॉनिटरिंग की. दरबार में पहुंचे दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर उनकी समस्याओं, दलीलों और दावों को विस्तारपूर्वक सुना गया.
जमीन से जुड़े मामलों की निष्पक्ष समीक्षा करते हुए उपलब्ध राजस्व अभिलेखों, खतियान और तथ्यों के आधार पर ऑन द स्पॉट ही आवश्यक कार्रवाई की गई. कई पेचीदा मामलों को दोनों पक्षों की आपसी सहमति एवं विधिसम्मत तरीके से हमेशा के लिए सुलझा दिया गया. जिन मामलों में दस्तावेज अपूर्ण थे, उन्हें अगली तारीख देते हुए संबंधित कर्मियों को जांच के निर्देश दिए गए.
विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता, कानून हाथ में न लेने की अपील
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की इस संयुक्त पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी इलाकों में भूमि विवादों के कारण उत्पन्न होने वाली विधि-व्यवस्था संबंधी समस्याओं की रोकथाम करना है. अक्सर देखा जाता है कि छोटे-छोटे जमीनी विवाद आगे चलकर बड़ी आपराधिक घटनाओं का रूप ले लेते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार के निर्देश पर हर शनिवार को इस विशेष दरबार के जरिए आमजन को त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराया जा रहा है.
अरवल पुलिस एवं जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से आमजन से अपील की है कि भूमि संबंधी किसी भी छोटे या बड़े विवाद की स्थिति में कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में कतई न ले. समाज में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे इस जनता दरबार एवं अन्य वैधानिक माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपनी समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान प्राप्त करें.
Also Read: जहानाबाद में डीईओ कार्यालय के समक्ष डटे शिक्षक, ‘घेरा डालो-डेरा डालो’ आंदोलन से प्रशासन में खलबली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










