आरा : 23 सितंबर को जगदीशपुर जाएंगे सीएम सम्राट, दो हेलीपैड तैयार, अधिकारियों ने लिया जायजा
सीएम सम्राट फाइल फोटो
CM Samrat Jagdishpur Visit : जगदीशपुर में 23 सितंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह किला परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराया जा रहा है. मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए स्वारथ साहू टेन प्लस टू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में दो हेलीपैड बनाए जा रहे हैं.
CM Samrat Jagdishpur Visit : आरा के जगदीशपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 23 सितंबर को प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं. ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह किला परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई का काम चल रहा है. किला परिसर में रंग-रोगन भी कराया जा रहा है.
खेल मैदान में बन रहे दो हेलीपैड
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए नगर के स्वारथ साहू टेन प्लस टू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में दो हेलीपैड बनाए जा रहे हैं. हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग का काम भी कराया जा रहा है.
डीडीसी ने लिया तैयारियों का जायजा
रविवार को भोजपुर डीडीसी जगदीशपुर पहुंचे और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने संबंधित कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
डीएम भी कर चुके हैं किला परिसर का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भोजपुर डीएम मनीष कुमार मीणा ने भी बीते शुक्रवार को जगदीशपुर पहुंचकर ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह किला परिसर और संग्रहालय का जायजा लिया था. अधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़े इंतजामों और स्थल की तैयारियों की जानकारी ली.
योजना एवं विकास मंत्री ने भी किया था निरीक्षण
इससे पहले बीते बुधवार को बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री सह जगदीशपुर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने भी वीर कुंवर सिंह किला और संग्रहालय का निरीक्षण किया था. उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की जानकारी ली थी.
करीब 30 मिनट किला मैदान में रहेंगे मुख्यमंत्री
मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 23 सितंबर को करीब 30 मिनट के लिए किला मैदान पहुंचेंगे. कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है.
पर्यटन स्थल के रूप में विकास की उम्मीद
मुख्यमंत्री के जगदीशपुर आगमन से ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह किला और संग्रहालय के पर्यटन विकास को लेकर स्थानीय स्तर पर उम्मीद बढ़ी है. किला परिसर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर लोगों की नजर रहेगी.
Also Read : आरा में पेंशनर्स एसोसिएशन 29-30 सितंबर को देगा धरना, 12 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए