आरा: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से दो सगे भाई घायल, पटना रेफर

सीएचसी कोईलवर की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
कोईलवर-चांदी मुख्य पथ पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. पुलिस फरार पिकअप की तलाश कर रही है.
Arrah Road Accident : कोईलवर-चांदी मुख्य पथ पर फरहंगपुर ठाकुरबाड़ी के समीप तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.
सीमेंट लाने जा रहे थे दोनों भाई
घायलों की पहचान पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर निवासी संजय ठाकुर के 17 वर्षीय पुत्र करण ठाकुर और 16 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है. दोनों इन दिनों चांदी थाना क्षेत्र के फरहंगपुर गांव स्थित अपने नाना ललन ठाकुर के घर रह रहे थे. परिजनों ने बताया कि नाना के घर निर्माण कार्य चल रहा है. मंगलवार की शाम करीब सात बजे दोनों बाइक से चांदी सीमेंट लाने जा रहे थे. इसी दौरान फरहंगपुर ठाकुरबाड़ी के समीप सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद नाले में गिरे दोनों
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई बाइक समेत सड़क किनारे नाले में जा गिरे. हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोईलवर पहुंचाया.
दोनों के पैर में गंभीर फ्रैक्चर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. नुसरत यासमीन ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पटना रेफर कर दिया. चिकित्सक के अनुसार दोनों के बाएं पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है और उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. वहीं पुलिस दुर्घटना कर फरार पिकअप की तलाश में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










