आरा में बाढ़ राहत कैंप पर हंगामा, एक्सपायरी दवा मिलने के आरोप के बाद सड़क जाम; जांच और कार्रवाई की मांग
एक्सपायरी दवा दिखाते माले नेता क्यामुद्दीन अंसारी
आरा के बाढ़ राहत कैंप में एक्सपायरी दवाएं बांटे जाने का सनसनीखेज आरोप लगा है. ग्रामीणों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया और तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
Arrah flood news: भाकपा माले राज्य स्थायी समिति सदस्य व आरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी क्यामुद्दीन अंसारी ने आरा सदर प्रखंड के लक्ष्मणपुर बाढ़ राहत कैंप में बाढ़ पीड़ितों के बीच एक्सपायरी दवाएं बांटे जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की नजर जब दवाओं पर लगे एक्सपायरी लेबल पर पड़ी तो हंगामा शुरू हो गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा-बड़हरा रोड को जाम कर दिया.
आपके शहर में
ग्रामीणों ने नेता को दिखाई दवाएं
क्यामुद्दीन अंसारी ने बताया कि वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने निकले थे. इसी दौरान उन्हें लक्ष्मणपुर में एक्सपायरी दवा बांटे जाने और सड़क जाम होने की सूचना मिली. इसके बाद वह मौके पर पहुंचे. वहां ग्रामीणों ने उन्हें दवाएं भी दिखायीं.
भाकपा माले नेता ने इसे बाढ़ पीड़ितों के साथ गंभीर लापरवाही बताते हुए भोजपुर जिला पदाधिकारी और सिविल सर्जन से मामले की जांच कराने की मांग की. उन्होंने कैंप प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग भी की.
बाढ़ राहत सूची में गड़बड़ी का लगाया आरोप
क्यामुद्दीन अंसारी ने कहा कि बाढ़ राहत की आपदा सूची में भी भारी गड़बड़ी है. उनके अनुसार बड़े पैमाने पर बाढ़ पीड़ितों के नाम सूची से गायब हैं. उन्होंने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से वंचित सभी बाढ़ पीड़ितों के नाम सूची में जोड़ने के बाद राहत वितरण करने की मांग की. साथ ही सूची का शीघ्र प्रकाशन कराने की मांग की.
दो दर्जन गांवों में सामुदायिक किचन चलाने की मांग
भाकपा माले नेता ने आरा सदर प्रखंड में संचालित सामुदायिक किचन की व्यवस्था पर भी असंतोष जताया. उन्होंने भकुरा, पिपरा, बारा, बसंतपुर, श्रीनगर, लक्ष्मणपुर, धुधुआं, बलुआं, दौलतपुर, डुमरा, पीरौंटा, यादवपुर, चौमुखा, पिपरा जयपाल, जगवलिया मोहनपुर, देवढ़ी, कड़रा, महुली, बलुआ और तेनुआं सहित करीब दो दर्जन गांवों में सामुदायिक किचन चलाने की मांग की.
सभी बाढ़ प्रभावित पंचायतों में तंबू बांटने की मांग
क्यामुद्दीन अंसारी ने आपदा प्रबंधन विभाग से सभी बाढ़ प्रभावित पंचायतों में सरकारी कर्मचारियों के माध्यम से प्लास्टिक के तंबू वितरित कराने की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि मुखिया के माध्यम से तंबू वितरण में भारी गड़बड़ी देखी जा रही है.
टीम में ये लोग रहे मौजूद
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे के दौरान क्यामुद्दीन अंसारी की टीम में भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य व आरा मुफस्सिल सचिव विजय ओझा, किसान नेता हरेराम सिंह, धनोज यादव, राजद नेता मुन्ना यादव, पंचायत समिति सदस्य जनार्दन गोंड़ और मनीष यादव शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए