बड़हरा में घटने लगा गंगा का जलस्तर, आठ घंटे में पांच सेंटीमीटर नीचे आया पानी; आरा-सरैया मार्ग पर आवागमन शुरू
नेकनाम टोला के समीप बाढ़ का पानी
बड़हरा प्रखंड में बाढ़ की स्थिति में सुधार के संकेत मिल रहे हैं क्योंकि गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है. जलस्तर में कमी से आरा-सरैया मार्ग पर यातायात बहाल हो गया है, और अन्य मार्गों पर भी जल्द ही आवागमन शुरू होने की उम्मीद है.
Ganga water level: बड़हरा प्रखंड में बाढ़ के बीच अब राहत की उम्मीद जगी है. गंगा के जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है. रविवार को दोपहर दो बजे नदी का जलस्तर 52.78 मीटर दर्ज किया गया, जबकि सुबह छह बजे यह 52.83 मीटर था. इस तरह आठ घंटे में जलस्तर करीब पांच सेंटीमीटर नीचे आया है. हालांकि, जलस्तर घटने की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है.
आधा सेंटीमीटर प्रति घंटे से भी कम की रफ्तार से घट रहा पानी
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों से नदी के जलस्तर में कमी तो हो रही है, लेकिन इसकी गति अपेक्षाकृत कम है. वर्तमान में पानी आधा सेंटीमीटर प्रति घंटे से भी कम की रफ्तार से घट रहा है. विभागीय कर्मियों के अनुसार, बीच में जलस्तर बढ़ने के कारण कमी की रफ्तार प्रभावित हुई है. विभाग ने अगले एक-दो दिनों में जलस्तर घटने की गति बढ़ने की संभावना जतायी है.
अगले 12 घंटे में पांच से सात सेंटीमीटर कमी की उम्मीद
विभाग के अनुसार, नदी की स्थिति सामान्य बनी रही, तो अगले 12 घंटे में पांच से सात सेंटीमीटर तक पानी कम हो सकता है. हालांकि, जलस्तर में वास्तविक बदलाव नदी की स्थिति पर ही निर्भर करेगा.
आरा-सरैया मार्ग पर शुरू हुआ आवागमन
जलस्तर घटने के बाद आरा-सरैया मार्ग पर सड़क से आवागमन शुरू हो गया है. यदि पानी इसी गति से घटता रहा, तो अगले दो-तीन दिनों में बड़हरा के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी आवागमन बहाल होने की उम्मीद है.
कई गांव अब भी बाढ़ की चपेट में
हालांकि, प्रखंड के कई गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं. निचले इलाकों में पानी जमा रहने से ग्रामीणों को आवागमन, राशन और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए