आरा में लूट का विरोध करना पड़ा भारी: दुकानदार को मारी गोली, हालत गंभीर, पटना रेफर
अस्पताल की तस्वीर
Arrah Crime News : भोजपुर के हसन बाजार थाना क्षेत्र में चाय दुकानदार को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. बदमाशों ने छीनतई का विरोध करने पर युवक को गोली मार दी और लूट की कोशिश की. गंभीर हालत में घायल को आरा से पटना रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है.
Arrah Crime News : (मो.वसीम) भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात अपराधियों का दुस्साहस देखने को मिला, जहां छीनतई का विरोध करना एक चाय दुकानदार को भारी पड़ गया. अइराडीह गांव के पास तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल युवक की पहचान सहेजनी गांव निवासी 32 वर्षीय मुन्ना साह के रूप में हुई है, जो वर्षों से राइस मिल के पास चाय की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घायल को पहले पीरो अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आरा सदर अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया.
घर लौटते वक्त घेरकर मारी गोली
घायल मुन्ना साह ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर रात में घर लौट रहा था. इसी दौरान अइराडीह गांव के समीप पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने उसे घेर लिया. बिना कुछ समझे ही एक बदमाश ने उसके पैर में गोली मार दी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा. गोली लगते ही अपराधी उसके पास पहुंचे और गले से सोने का लॉकेट व जेब में रखी नकदी छीनने की कोशिश करने लगे.

विरोध करने पर बेरहमी से की मारपीट
मुन्ना साह ने जब लूट का विरोध किया, तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. एक अपराधी ने उसकी आंख पर जोरदार मुक्का मारा, जबकि दूसरे ने उसके गले में पहने सोने के लॉकेट को दांत से काटकर छीनने की कोशिश की. इतना ही नहीं, बदमाश उसका मोबाइल फोन भी छीनना चाहते थे. इस दौरान घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया.

ग्रामीणों के पहुंचते ही फरार हुए बदमाश
पीड़ित की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े. लोगों को आता देख तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायल मुन्ना साह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही हसन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के इलाके में छापेमारी कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
डॉक्टर ने बताई गंभीर स्थिति
पीरो अनुमंडलीय अस्पताल के ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ अशोक ने बताया कि गोली लगने से मुन्ना साह की जांघ की हड्डी को नुकसान पहुंचा है. अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई थी. उन्होंने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पहले आरा सदर अस्पताल और फिर पटना रेफर किया गया.
इस घटना ने एक बार फिर इलाके में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खुलेआम लूटपाट और गोलीबारी की इस वारदात से स्थानीय लोग दहशत में हैं. फिलहाल पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है, लेकिन देखना होगा कि इस मामले में कब तक आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाती है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है.
Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर केस में अब NHRC की एंट्री, पिता-भाई समेत 14 पर FIR दर्ज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ragini Sharma
मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










