बदलते मौसम का असर, फारबिसगंज अस्पताल की ओपीडी में बढ़ी मरीजों की भीड़

अनुमंडलीय अस्पताल के पंजीयन काउंटर पर पर्ची कटाने के लिए लगी मरीजो की भीड़
बदलते मौसम के कारण फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है. ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं पर इसका असर साफ दिख रहा है, जहां मरीज़ों की लंबी कतारें लग रही हैं.
अररिया : बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है. उमस भरी गर्मी, तेज धूप और बीच-बीच में हो रही बारिश के कारण अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. बुखार, सर्दी-जुकाम, उल्टी, पेट दर्द और अन्य संक्रमण संबंधी शिकायतों को लेकर बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं. इसका असर अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी सेवा पर भी साफ दिखाई दे रहा है.
ओपीडी में सुबह से लगी रही मरीजों की कतार
अस्पताल सूत्रों के अनुसार सामान्य दिनों में प्रतिदिन 250 से 300 मरीज ओपीडी में पहुंचते थे, लेकिन जुलाई के पहले सप्ताह से मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. मंगलवार को भी पंजीयन काउंटर पर सुबह से ही पर्ची बनवाने के लिए मरीजों की लंबी कतार लगी रही. इलाज कराने वालों में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों की संख्या अधिक रही. इमरजेंसी वार्ड, नेत्र विभाग, दंत चिकित्सा कक्ष और फिजियोथेरेपी केंद्र में भी दिनभर मरीजों की भीड़ बनी रही.
बेहतर व्यवस्था में जुटा अस्पताल प्रशासन
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा गार्ड और स्वास्थ्यकर्मी लगातार व्यवस्था बनाए रखने और मरीजों को पंक्तिबद्ध कराने में लगे रहे. अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार, पूर्व उपाधीक्षक डॉ. रेशमा रजा, डॉ. मुन्ना कुमार, डॉ. केएन सिंह, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. नवल किशोर तथा दंत चिकित्सक डॉ. कृष्ण मोहन कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने ओपीडी और इमरजेंसी में मरीजों का उपचार किया. अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार भी स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी करते रहे, ताकि मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
टीबी स्क्रीनिंग अभियान भी जारी
इधर, टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अस्पताल के यक्ष्मा केंद्र में जांच के लिए पहुंचे मरीजों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई. एलटी जोगेश कुमार पासवान, अशोक कुमार सिंह, महानंद कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों के बलगम की जांच, एक्स-रे और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कलीमउद्दीन
कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










